Connect with us

गाजीपुर

महाहर के प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालय का 19वां वार्षिकोत्सव संपन्न

Published

on

Loading...
Loading...

गाजीपुर। जिले के मरदह शिक्षा क्षेत्र स्थित प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय महाहर में मंगलवार को 19वां वार्षिकोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष राम केवल गिरी एवं रामवृक्ष प्रजापति ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर दीप प्रज्वलित करके किया।

इस अवसर पर छात्राओं ने सरस्वती वंदना, स्वागत गीत, देशभक्ति गीत, लोक नृत्य एवं हिंदी, अंग्रेजी और संस्कृत में कविता वाचन जैसी शानदार प्रस्तुतियां दीं। बाल विवाह और शराब मुक्ति जैसे गंभीर सामाजिक मुद्दों पर बच्चों द्वारा प्रस्तुत नाटक ने दर्शकों को खासा प्रभावित किया। अभिभावकों और दर्शकों ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए तालियों और पुरस्कारों से उनका उत्साहवर्धन किया।

विद्यालय में 100 मीटर, 200 मीटर और 400 मीटर दौड़ में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्रों को कॉपी, पेन और मेडल देकर सम्मानित किया गया। साथ ही, अर्धवार्षिक परीक्षा में शानदार प्रदर्शन और सतत उपस्थिति दर्ज करने वाले विद्यार्थियों को भी पुरस्कृत किया गया।

Advertisement

नोडल संकुल जवाहर राजभर और प्रधानाध्यापक जयराम सिंह ने अभिभावकों एवं विद्यालय प्रबंध समिति के सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे अपने बच्चों को प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालय में प्रवेश दिलाकर सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाएं और बच्चों के समग्र विकास में योगदान दें।

इस कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक बृजभूषण सिंह, प्रमिला यादव, कर्ण सागर चतुर्वेदी, प्रवेश कुमार, सत्येंद्र सिंह चौहान, कंपोजिट विद्यालय धर्मपुरा के प्रधानाध्यापक भोलानाथ सिंह, प्राथमिक विद्यालय बैदवलिया के प्रधानाध्यापक सुरेंद्र कुमार सहित कई शिक्षाविद् उपस्थित रहे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page