आजमगढ़
प्रदेश स्तर पर रौनक यादव ने जीता गोल्ड मेडल
जनपद और मंडल के बाद प्रदेश स्तर पर शानदार प्रदर्शन, श्री दुर्गा जी इंटर कॉलेज का बढ़ाया गौरव
आजमगढ़। श्री दुर्गा जी इंटर कॉलेज, सेहदा के होनहार छात्र रौनक यादव ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और लगन के दम पर प्रदेश स्तर पर गोल्ड मेडल हासिल कर विद्यालय और जनपद का नाम रोशन किया है। रौनक ने जनपद, मंडल और प्रदेश स्तर की प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए यह उपलब्धि हासिल की।
रौनक की सफलता की जानकारी मिलते ही विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि यह उपलब्धि छात्र के निरंतर अभ्यास, अनुशासन, समर्पण और कड़ी मेहनत का परिणाम है।
विद्यालय के प्रबंधक राम नयन यादव, प्रधानाचार्य एवं डायरेक्टर ने रौनक यादव को गोल्ड मेडल जीतने पर बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि रौनक की सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक है।
विद्यालय परिवार ने उम्मीद जताई कि रौनक भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विद्यालय एवं जनपद का नाम रोशन करेगा। छात्र की उपलब्धि पर शिक्षकों, सहपाठियों और क्षेत्रवासियों ने भी प्रसन्नता जताते हुए उसे शुभकामनाएं दीं।
