Connect with us

आजमगढ़

एचपीवी टीकाकरण में आजमगढ़ ने लक्ष्य को पीछे छोड़ा

Published

on

Loading...
Loading...

निर्धारित लक्ष्य के मुकाबले 59,841 टीके लगाए गए, केंद्रीय राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा कर दिए निर्देश

आजमगढ़, जयदेश। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने सर्किट हाउस में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एनआर वर्मा के साथ बैठक कर जिले में संचालित प्रमुख स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा की। इस दौरान एचपीवी टीकाकरण, टेली-मानस, राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम, निक्षय मित्र अभियान और टेली-कंसल्टेशन सेवाओं की प्रगति की जानकारी ली गई। मंत्री ने स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने और योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने के निर्देश दिए।

एचपीवी टीकाकरण में लक्ष्य से अधिक उपलब्धि

समीक्षा के दौरान एचपीवी टीकाकरण में निर्धारित लक्ष्य से अधिक उपलब्धि हासिल होने पर मंत्री ने संतोष जताया। जिले में 17 सितंबर तक 59,829 टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित था, जिसके सापेक्ष 59,841 टीके लगाए गए। इसके बाद 541 अतिरिक्त टीकाकरण भी किए गए। उन्होंने अन्य स्वास्थ्य कार्यक्रमों में भी लक्ष्य के अनुरूप कार्ययोजना तैयार करने और नियमित निगरानी करने पर जोर दिया।

मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता पर जोर

मंत्री ने टेली-मानस कार्यक्रम को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने युवाओं और स्कूली बच्चों में मानसिक तनाव, अवसाद तथा नशे की बढ़ती प्रवृत्ति की रोकथाम के लिए विद्यालयों और महाविद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने को कहा। साथ ही मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की समय रहते पहचान कर जरूरतमंदों को उचित परामर्श और काउंसलिंग उपलब्ध कराने पर बल दिया।

टीबी मरीजों को पोषण सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश

राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए मंत्री ने मलिन बस्तियों और घनी आबादी वाले क्षेत्रों में टीबी की सघन जांच कराने को कहा। उन्होंने मरीजों को नियमित उपचार के साथ पर्याप्त पोषण सहयोग देने और पोषण पोटली की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निक्षय मित्र अभियान में युवाओं, एनसीसी कैडेट्स, स्वयंसेवी संगठनों, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन और टीबी से स्वस्थ हो चुके लोगों की भागीदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया।

Advertisement

टेली-कंसल्टेशन सेवाओं को मजबूत करने पर जोर

मंत्री ने आयुष्मान आरोग्य मंदिरों तथा प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर टेली-कंसल्टेशन सेवाओं की समीक्षा की। उन्होंने कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर्स के माध्यम से मरीजों को जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज के विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श दिलाने की व्यवस्था सक्रिय रखने के निर्देश दिए।

बैठक में उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आलेन्द कुमार और डॉ. अविनाश झा मौजूद रहे। अंत में मंत्री ने अधिकारियों को स्वास्थ्य कार्यक्रमों के निर्धारित लक्ष्य समयबद्ध तरीके से पूरा करने और सेवाओं की गुणवत्ता में लगातार सुधार करने के निर्देश दिए।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page