भदोही
कजरी महामुकाबले में गूंजे लोकगीतों के सुर, हजारों की भीड़ ने उठाया आनंद
विधायक विपुल दुबे ने फीता काटकर किया शुभारंभ, पारंपरिक कजरी सुनने के लिए महिलाओं समेत उमड़े श्रोता
गोपीगंज (भदोही)। पितृ विसर्जन के अवसर पर गिराई स्टेशन रोड पर आयोजित कजरी महामुकाबला एवं नागरिक अभिनंदन समारोह में लोकगीतों की मिठास और सुरों की जुगलबंदी ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। विलुप्त होती पारंपरिक कजरी का आनंद लेने के लिए हजारों की संख्या में लोग जुटे। कार्यक्रम में महिलाओं की भी अच्छी-खासी भागीदारी रही। कलाकारों की प्रस्तुतियों पर श्रोताओं ने तालियों से उत्साहवर्धन किया।
विधायक ने किया कार्यक्रम का शुभारंभ
बिंद विकास परिषद की ओर से आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक विपुल दुबे ने फीता काटकर किया। परिषद की ओर से पिछले कई वर्षों से पितृ विसर्जन के दिन इस तरह के आयोजन किए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य पारंपरिक कजरी गायन और लोक संस्कृति को जीवंत बनाए रखना है।
रमेश भंवरा और लक्ष्मी यादव ने बांधा समां
कजरी महामुकाबले में भदोही के गायक रमेश भंवरा ने अपनी गायकी से समां बांध दिया। उन्होंने लव-कुश प्रसंग सहित कई धार्मिक गीत प्रस्तुत कर श्रोताओं को भावविभोर किया। वहीं, मिर्जापुर की कजरी गायिका लक्ष्मी यादव ने एक से बढ़कर एक पारंपरिक कजरी सुनाकर कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। उनकी सुरीली आवाज पर श्रोताओं ने जमकर तालियां बजाईं।
लोक संस्कृति को सहेजने का संदेश
कार्यक्रम में कहीं भक्ति गीतों की रसधार बही तो कहीं सावन की लोक परंपरा की झलक देखने को मिली। आयोजकों ने कहा कि कजरी पूर्वांचल की समृद्ध लोक संस्कृति की पहचान है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने के साथ लोक कलाकारों को मंच प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
अतिथियों का किया गया सम्मान
कार्यक्रम में पहुंचे मुख्य अतिथि विधायक विपुल दुबे, विशिष्ट अतिथि नगर पालिका परिषद अध्यक्ष जितेंद्र गुप्ता, विजय बिंद, माबूद खान और राजेश बिंद का आयोजकों ने माल्यार्पण कर स्वागत किया। अतिथियों को अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न भेंट किए गए। इस मौके पर अजय कुमार बिंद, सुशील बिंद, दिनेश बिंद, शारदा प्रसाद, राजकुमार, देवीशंकर यादव, नंदलाल, संजय गुप्ता, हजारीलाल बिंद समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
