सोनभद्र
ओबरा में भगवान परशुराम मंदिर में प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा, निकली भव्य कलश यात्रा
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुआ अनुष्ठान, श्रद्धालुओं ने लिया आशीर्वाद
शोभायात्रा, हवन-यज्ञ और भंडारे में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
सोनभद्र। जनपद के ओबरा में शुक्रवार को भगवान श्री परशुराम के नवनिर्मित भव्य मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान परशुराम की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा विधि-विधान से संपन्न हुई। कार्यक्रम में सर्व ब्राह्मण महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित कमलाकांत उपाध्याय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। आयोजन पंडित नंदलाल पांडे के निर्देशन में संपन्न कराया गया।
प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के अवसर पर महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में कलश यात्रा निकाली, जिसके साथ भव्य शोभायात्रा भी निकाली गई। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धार्मिक उत्साह का परिचय दिया।
इसके बाद वैदिक रीति-रिवाज से पूजन, हवन और यज्ञ का आयोजन किया गया तथा भगवान परशुराम की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा संपन्न कराई गई। अनुष्ठान पूर्ण होने के उपरांत श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने भगवान परशुराम के आदर्शों, व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए समाज से उनके बताए धर्म, न्याय और संस्कारों के मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
इस अवसर पर शैलेंद्र चौबे, प्रमोद कुमार शुक्ला, पुष्पराज पांडे, डॉ. अरुण कुमार उपाध्याय, जनार्दन त्रिपाठी, स्नेह द्विवेदी सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
