चन्दौली
खराब सड़क बनी हादसे की वजह! अनियंत्रित कार मड़ई में घुसी, पशु की मौत, एयरबैग खुलने से बची चालक की जान
चकिया। क्षेत्र के अमरा उत्तरी गांव में बीती रात एक अनियंत्रित कार सड़क किनारे स्थित मड़ई में जा घुसी। टक्कर इतनी तेज थी कि मड़ई क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि उसमें बंधे एक पशु की मौके पर ही मौत हो गई। गनीमत रही कि कार में लगे एयरबैग खुलने से चालक की जान बच गई।
ग्रामीणों के मुताबिक, गांव से गुजरने वाले मुख्य मार्ग पर एक स्थान पर सड़क काफी खराब है। सड़क पर बने गड्ढे से बचने के प्रयास में आए दिन वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। आशंका जताई जा रही है कि बीती रात भी गड्ढे से बचने के चक्कर में कार चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार सीधे मड़ई में जा घुसी।
लगातार हो रही दुर्घटनाओं से ग्रामीणों में नाराजगी है। लोगों ने संबंधित विभाग से सड़क की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।
