मिर्ज़ापुर
संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम-एसपी ने सुनीं फरियादें
सदर तहसील में आए 60 मामले, मौके पर 10 का निस्तारण, शेष के लिए अधिकारियों को निर्देश
मीरजापुर। जनपद की सभी तहसीलों में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। तहसील सदर में जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार और पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने संयुक्त रूप से फरियादियों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

भूमि विवाद और नापी की शिकायतें अधिक
समाधान दिवस में राजस्व, पुलिस, विकास, पूर्ति और विद्युत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। फरियादियों ने भूमि विवाद, जमीन की नापी, राशन, पेंशन, चकबंदी और पुलिस से संबंधित समस्याएं रखीं। कुल करीब 60 मामले सामने आए, जिनमें अधिकांश भूमि विवाद और नापी से जुड़े थे।

10 मामलों का मौके पर निस्तारण
प्राप्त शिकायतों में से 10 मामलों का मौके पर निस्तारण किया गया, जबकि शेष 50 मामलों को शीघ्र समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को सौंपा गया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से परीक्षण कर निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए।
आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज हों शिकायतें
डीएम ने कहा कि समाधान दिवस में प्राप्त सभी प्रार्थना पत्रों को आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज कर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों को शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। इस दौरान बड़ी संख्या में फरियादी उपस्थित रहे।
