मिर्ज़ापुर
थाना दिवस पर छह मामले आए, एक का मौके पर निस्तारण
राजगढ़ मीरजापुर
राजगढ़ थाने पर शनिवार को नायब तहसीलदार मनोज कुमार गिरी और थाना प्रभारी बालमुकुंद मिश्रा की संयुक्त अध्यक्षता में थाना दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान कुल छह फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे।ज्यादातर मामले जमीन विवाद संबंधित थे, इनमें एक जमीनी विवाद का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष पांच मामलों में त्वरित कार्रवाई के लिए संबंधित हल्का लेखपालों को निर्देशित किया गया।
मौके पर राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम ने विवादित स्थल पर पहुंचकर दोनों पक्षों की मौजूदगी में मामले का निस्तारण कराया। इससे दोनों पक्ष संतुष्ट रहे।
वहीं, फरियादियों में शामिल धाना देवी और गुड्डी देवी ने जमीन संबंधी विवादों का लंबे समय से समाधान नहीं होने का आरोप लगाया। धाना देवी ने बताया कि कई बार थाना दिवस में प्रार्थना पत्र दे चुकी हैं, लेकिन अब तक उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ। आरोप लगाया कि गांव के कुछ दबंगों ने उनकी जमीन पर कब्जा कर लिया है और उन्हें जमीन का कब्जा नहीं मिल रहा है।
इसी तरह गुड्डी देवी ने आरोप लगाया कि उनके घर के सामने दबंगों द्वारा नींव डालकर निर्माण कराया जा रहा है। इस संबंध में कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। राजस्व निरीक्षक संजय सिंह व हल्का लेखपाल सहित अन्य पुलिस एवं राजस्वकर्मी मौजूद रहे।
