पूर्वांचल
छठ पर्व को लेकर घाटों का निरीक्षण, अपर जिलाधिकारी ने परखी तैयारियां
रामपुर, सीतामढ़ी और हरिहरनाथ मंदिर के समीप स्थित घाटों पर सुरक्षा व सुविधाओं का लिया जायजा
लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों की तय होगी जवाबदेही : शुभांगी शुक्ला
भदोही। छठ पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में अपर जिलाधिकारी शुभांगी शुक्ला ने रविवार को जनपद के प्रमुख छठ घाटों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की स्थिति परखी। उन्होंने रामपुर घाट, सीतामढ़ी घाट और हरिहरनाथ मंदिर के समीप स्थित घाटों का जायजा लेते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम और श्रद्धालुओं के आवागमन सहित अन्य जरूरी व्यवस्थाओं का अवलोकन किया गया। प्रशासन के अनुसार, निरीक्षण में सभी व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं।
अपर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि छठ पर्व के दौरान उन्हें सौंपी गई जिम्मेदारियों का पूरी गंभीरता और समयबद्धता के साथ पालन करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या उदासीनता मिलने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को घाटों पर आवश्यक चिकित्सकीय सुविधाएं उपलब्ध रखने, जिला पंचायत एवं नगर निकायों को साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था बनाए रखने तथा विद्युत विभाग को सुरक्षित और निर्बाध प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं, पुलिस विभाग को भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने को कहा।
अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पर्व के दौरान घाटों पर व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जाए, ताकि व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। साथ ही आपात स्थिति से निपटने के लिए भी जरूरी इंतजाम तैयार रखने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि छठ पर्व आस्था, श्रद्धा और लोक संस्कृति से जुड़ा महत्वपूर्ण त्योहार है। इसे सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें।
निरीक्षण के दौरान तहसीलदार, क्षेत्राधिकारी पुलिस सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
