Connect with us

सोनभद्र

विश्व आदिवासी दिवस पर म्योरपुर में गूंजे आदिवासी संस्कृति के रंग, निकला भव्य जुलूस

Published

on

Loading...
Loading...

बड़ादेव स्थल पर विधिवत पूजन, सांसद छोटेलाल खरवार समेत जनप्रतिनिधियों ने की सहभागिता

म्योरपुर/सोनभद्र। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर रविवार को म्योरपुर विकासखंड के विभिन्न ग्राम पंचायतों में आदिवासी समाज की ओर से भव्य कार्यक्रम आयोजित किए गए। गोंड, खरवार, चेरो, पनिका, पठारी सहित विभिन्न आदिवासी समुदायों के लोगों ने पारंपरिक वेशभूषा में गाजे-बाजे के साथ जुलूस निकाला। जगह-जगह बड़ादेव की पूजा-अर्चना कर समाज की सुख-समृद्धि की कामना की गई। आयोजन में आदिवासी संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकजुटता की झलक देखने को मिली।

रासपहरी से हुई कार्यक्रम की शुरुआत

कार्यक्रम की शुरुआत रासपहरी से हुई, जहां भारतीय पनिका समाज उत्थान समिति की ओर से सोनभद्र सांसद छोटेलाल खरवार का स्वागत किया गया। सांसद ने रासपहरी स्थित बड़ादेव स्थल पर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और माथा टेका। इसके बाद वह बभनडीहा पहुंचे, जहां उन्होंने आदिवासी समाज के जुलूस की अगुवाई की और बड़ादेव स्थल पर स्थापित प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।

आदिवासी अधिकारों और विकास पर हुई चर्चा

बभनडीहा में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद छोटेलाल खरवार ने आदिवासी समाज के विकास, आदिवासी धर्म कोड, अलग आरक्षण तथा नीट पेपर लीक समेत विभिन्न मुद्दों पर अपने विचार रखे। उन्होंने समाज के लोगों से एकजुट रहने और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।

गाजे-बाजे के साथ म्योरपुर खेल मैदान पहुंचा जुलूस

विभिन्न ग्राम पंचायतों से निकले जुलूस में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। पारंपरिक वेशभूषा और लोक संस्कृति की झलक के बीच जुलूस गाजे-बाजे के साथ म्योरपुर खेल मैदान पहुंचा, जहां कार्यक्रम का समापन हुआ। पूरे आयोजन के दौरान आदिवासी गीत-संगीत और परंपराओं ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया।

Advertisement

जनप्रतिनिधियों ने भी रखे विचार

कार्यक्रम में ओबरा विधायक एवं समाज कल्याण मंत्री संजीव सिंह गोंड, पूर्व विधायक हरिराम चेरो, एससी-एसटी आयोग के उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार, ब्लॉक प्रमुख म्योरपुर मानसिंह गोंड, बबई सिंह मरकाम, जिला पंचायत सदस्य सुषमा गोंड, बसपा नेता संजय गोंड धुर्वे और कृपाशंकर पनिका समेत अन्य लोगों ने अपने विचार रखे। इस दौरान मोहरलाल खरवार, रणजीत पनिका, जय मंगल उरेती सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

भंडारे के साथ हुआ रक्तदान कार्यक्रम

कार्यक्रम का आयोजन आदिवासी सेवा ट्रस्ट के तत्वावधान में किया गया। संचालन ट्रस्ट के संस्थापक जय मंगल उरेती ने किया। कार्यक्रम के दौरान संजय गोंड धुर्वे की ओर से भंडारे का आयोजन भी किया गया। इसके अलावा रक्तदान कार्यक्रम में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रशांत विश्वास समेत कई लोगों ने रक्तदान कर सामाजिक सेवा का संदेश दिया।

कुदरी की गलपी पहाड़ी पर भी बड़ादेव का पूजन

म्योरपुर। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर कुदरी गांव की गलपी पहाड़ी पर भी ग्रामीणों ने बड़ादेव की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य एवं भाजपा की जिला मंत्री सुषमा सिंह गोंड ग्रामीणों के साथ मौजूद रहीं। आदिवासी परंपराओं और संस्कृति के अनुसार धार्मिक अनुष्ठान कर समाज और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की गई।

पूजन कार्यक्रम में कमेटी अध्यक्ष जयसिंह पोया, पूर्व प्रधान प्रतिनिधि मिथलेश, जोखन, रमाशंकर, रामजीत, अमृतलाल, जीतलाल, सौरभ, शिवकुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, मातृशक्ति और पितृशक्ति के लोग मौजूद रहे। ग्रामीणों ने बड़ादेव से क्षेत्र में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page