आजमगढ़
गंभीरपुर में युवक की गला रेतकर हत्या, गौरी गांव में मिला शव
पाव रोटी बेचकर परिवार का भरण-पोषण करता था शाहरुख, हत्या से इलाके में सनसनी
आजमगढ़ | जिले के गंभीरपुर थाना क्षेत्र के गौरी गांव में बुधवार सुबह नट बस्ती के बगल बहा में एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक की गला रेतकर हत्या की गई थी। मृतक की पहचान शाहरुख खान (30), पुत्र मुस्तफा, निवासी गौरी के रूप में हुई है। बताया गया कि शाहरुख बोलने में असमर्थ था और पाव रोटी बेचकर परिवार का भरण-पोषण करता था।
मंगलवार शाम से लापता था युवक
परिजनों के अनुसार, मंगलवार शाम शाहरुख घर नहीं लौटा तो परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की। गांव और आसपास के इलाकों में खोजबीन के साथ डायल 112 और गंभीरपुर पुलिस को भी सूचना दी गई, लेकिन देर रात तक उसका कोई पता नहीं चला।
सुबह मिला शव, जांच में जुटी पुलिस
बुधवार सुबह तलाश के दौरान ग्रामीणों ने नट बस्ती के बगल बहा में शाहरुख का शव पड़ा देखा। गला रेतकर हत्या की जानकारी मिलते ही मौके पर भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची गंभीरपुर थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस हत्या के कारणों और इसमें शामिल लोगों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। फिलहाल हत्या की वजह और आरोपियों के संबंध में आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
तीन भाइयों में सबसे छोटा था शाहरुख
बताया गया कि शाहरुख तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसकी हत्या से परिवार में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस जांच के बाद ही घटना से जुड़ी अन्य जानकारियां स्पष्ट हो सकेंगी।
