चन्दौली
महर्षि वाल्मीकि के आदर्शों से सामाजिक समरसता का संदेश
पंचदेव मंदिर परिसर देवखत में समारोह आयोजित, प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया नमन
नौगढ़।महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर सोमवार को पंचदेव मंदिर परिसर देवखत में सामाजिक समरसता समारोह का आयोजन किया गया।
जिसमें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र प्रचारक अनिल, जिला संघचालक रामकुमार पोद्दार समेत विभिन्न सामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों के पदाधिकारियों ने महर्षि वाल्मीकि की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।
समारोह में सामाजिक एकता, समरसता और महर्षि वाल्मीकि के आदर्शों को आत्मसात करने का संदेश दिया गया।
इस दौरान छात्रावास के बच्चों ने कीर्तन-भजन प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
समारोह में मुख्य अतिथि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र प्रचारक अनिल ने महर्षि वाल्मीकि के जीवन और उनके योगदान पर प्रकाश डाला।
कहा कि महर्षि वाल्मीकि ने रामायण की रचना कर समाज को मर्यादा, कर्तव्य, त्याग और आदर्श जीवन का मार्ग दिखाया। उनके विचार आज भी समाज को सही दिशा देने में प्रासंगिक हैं। उनके आदर्शों को अपनाकर समाज में आपसी सद्भाव और एकता को मजबूत किया जा सकता है।
जिला संघचालक रामकुमार पोद्दार ने कहा कि सामाजिक समरसता भारतीय संस्कृति की महत्वपूर्ण पहचान है। समाज के सभी वर्गों के बीच परस्पर सम्मान, सहयोग और भाईचारे की भावना विकसित करना आवश्यक है। महर्षि वाल्मीकि का जीवन समाज को एकजुट होकर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
वाल्मीकि सेवा संस्थान के अध्यक्ष अनिल किंजवाडेकर ने महर्षि वाल्मीकि के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
भाजपा जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह और पूर्व विधायक शिव तपस्या पासवान ने भी महर्षि वाल्मीकि के योगदान को याद करते हुए सामाजिक एकता और समरसता पर जोर दिया।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि सुजीत कुमार उर्फ सूड्डू सिंह, सहमंत्री बच्चा बाबू, भाजपा मंडल अध्यक्ष सर्वजीत खरवार, पूर्व मंडल अध्यक्ष देवेंद्र साहनी अधीक्षक दिवाकर मिश्रा रामवृक्ष कोल ईत्यादि मौजूद रहे। समारोह के दौरान कीर्तन-भजन की प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। अंत में महर्षि वाल्मीकि के आदर्शों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया गया।
