भदोही
मिशन शक्ति अभियान: महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए भदोही पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान
स्कूल-कॉलेजों और बाजारों में पहुंचीं एंटी रोमियो टीमें, हेल्पलाइन नंबरों व कानूनी अधिकारों की दी जानकारी
भदोही, 26 अक्टूबर। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के लिए भदोही पुलिस की ओर से मिशन शक्ति अभियान फेज 6.0 के तहत विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के पर्यवेक्षण में जिले के सभी थानों की एंटी रोमियो टीमों, महिला बीट अधिकारियों और चौकियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में महिलाओं एवं बालिकाओं से संवाद स्थापित किया।
अभियान के तहत बाजारों, स्कूलों, कॉलेजों, कोचिंग संस्थानों और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर पुलिस टीमों ने महिलाओं और बालिकाओं को छेड़छाड़, फब्तियां कसने, उत्पीड़न और साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए। साथ ही उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए किसी भी परेशानी की स्थिति में बिना भय या संकोच के पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया।
कानूनी अधिकारों और सरकारी योजनाओं की दी जानकारी
जागरूकता अभियान के दौरान महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए संचालित सरकारी योजनाओं, महिला अधिकारों और कानूनी प्रावधानों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। पुलिस टीमों ने बालिकाओं को पॉक्सो एक्ट सहित महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा से जुड़े कानूनों के प्रति जागरूक किया। इसके साथ ही जागरूकता पंपलेट वितरित कर सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की गईं।
आपात स्थिति में इन हेल्पलाइन नंबरों पर करें संपर्क
पुलिसकर्मियों ने महिलाओं और बालिकाओं को आपातकालीन सहायता के लिए प्रमुख हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। इनमें 1090 (वीमेन पावर लाइन), 112 (पुलिस आपातकालीन सेवा), 181 (महिला हेल्पलाइन), 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन) और 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन) शामिल हैं।
भदोही पुलिस ने स्पष्ट किया कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, गरिमा एवं स्वावलंबन सुनिश्चित करने और उन्हें भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराने के लिए मिशन शक्ति अभियान के तहत लगातार जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
