चन्दौली
मिशन शक्ति 6.0 से महिलाओं और बेटियों को किया जागरूक
हेल्पलाइन नंबरों और सरकारी योजनाओं की दी जानकारी, साइबर ठगी से बचने के बताए उपाय
नौगढ़ (चंदौली)। महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मंगलवार को थाना नौगढ़ पुलिस ने मिशन शक्ति अभियान 6.0 के तहत जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान महिलाओं और बालिकाओं को सरकारी हेल्पलाइन नंबरों, महिला कल्याणकारी योजनाओं, कानूनी अधिकारों और साइबर अपराध से बचाव के तरीकों की जानकारी दी गई।
परेशानी होने पर चुप न रहें, पुलिस से लें मदद
पुलिस टीम ने महिलाओं और बालिकाओं से अपील की कि किसी भी तरह के उत्पीड़न, छेड़खानी या असुरक्षा की स्थिति में चुप रहने के बजाय आगे आकर शिकायत करें और पुलिस की सहायता लें। पुलिसकर्मियों ने बताया कि आपात स्थिति में महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सहायता नंबर 112, महिला हेल्पलाइन 181 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 का उपयोग कर मदद प्राप्त की जा सकती है। साथ ही महिलाओं को उनके अधिकारों और सरकार की ओर से संचालित कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया।
ओटीपी, पिन और पासवर्ड किसी से साझा न करें
साइबर अपराध के बढ़ते मामलों को देखते हुए पुलिस टीम ने ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपाय भी बताए। महिलाओं और बालिकाओं को सलाह दी गई कि अनजान फोन कॉल पर बैंक खाते की जानकारी, एटीएम पिन, पासवर्ड और ओटीपी किसी के साथ साझा न करें। सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से सतर्क रहें और संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें। ऑनलाइन ठगी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने और साइबर अपराध की आधिकारिक वेबसाइट पर सूचना देने की जानकारी भी दी गई।
उपनिरीक्षक अभय कुमार सिंह ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बेटियों में सुरक्षा का भाव पैदा करना तथा उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना है। उन्होंने किसी भी प्रकार के उत्पीड़न या असुरक्षा की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की।
इस दौरान उपनिरीक्षक भृगु नाथ यादव, आरक्षी ऋतुराज, महिला आरक्षी रिमझिम चौहान, आराध्या त्रिपाठी, शिवानी यादव सहित पुलिसकर्मी मौजूद रहे
