आजमगढ़
एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं, रानी की सराय थाने का किया निरीक्षण
शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश, पुलिस बल के साथ कस्बे में की पैदल गश्त
आजमगढ़। थाना समाधान दिवस के अवसर पर शनिवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने नायब तहसीलदार सदर अग्निवेश मिश्रा के साथ रानी की सराय थाने में फरियादियों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित पुलिस और राजस्व अधिकारियों को शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
साइबर थाना और महिला हेल्प डेस्क का लिया जायजा
थाना समाधान दिवस के बाद एसएसपी ने रानी की सराय थाने का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान साइबर थाना, साइबर सेल, महिला हेल्प डेस्क, आवासीय बैरक, निर्माणाधीन भवन और नवीन भवन के बेसमेंट सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को अभिलेखों का व्यवस्थित रखरखाव, थाना परिसर में साफ-सफाई तथा जनशिकायतों का समय से निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पुलिस बल के साथ की पैदल गश्त
निरीक्षण के बाद एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने पुलिस बल के साथ कस्बा रानी की सराय में पैदल गश्त की। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और आमजन से संवाद किया। संबंधित पुलिसकर्मियों को नियमित गश्त करने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और कानून-व्यवस्था मजबूत बनाए रखने के निर्देश दिए।
