पूर्वांचल
कैदी के लिवर ट्रांसप्लांट के लिए योगी सरकार ने मंजूर किए 14 लाख रुपये
बस्ती। हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा भुगत रहे कैदी राजेश चौहान की जान बचाने के लिए शासन ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। उसके लिवर ट्रांसप्लांट के लिए 14 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत कर दी गई है।
जेल प्रशासन के मुताबिक, 41 वर्षीय राजेश चौहान को अपर जिला जज की अदालत द्वारा आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी। वह 17 मई 2025 से कैदी के रूप में सजा काट रहा है।
जेल में रहने के दौरान उसकी तबीयत खराब हो गई थी। पहले उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, इसके बाद कैली मेडिकल ले जाया गया। वहां उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे एसजीपीजीआइ, लखनऊ रेफर कर भर्ती कराया गया।
लिवर ट्रांसप्लांट के लिए अंगदाता (डोनर) की आवश्यकता बताई गई, जिसके बाद जेल प्रशासन ने उसके परिवार के सदस्यों से संपर्क किया। परिवार के तीन सदस्यों ने लिवर दान करने की सहमति प्रदान की है।
जेल अधीक्षक एसपी मिश्र ने बताया कि बीमारी की स्थिति में किसी भी कैदी से स्वास्थ्य का अधिकार नहीं छीना जा सकता। उन्होंने कहा कि मानवीय आधार पर बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना जेल प्रशासन की जिम्मेदारी है।
