Connect with us

भदोही

भदोही में एक नवंबर से शुरू होगी धान खरीद, 28 क्रय केंद्र बनाए गए

Published

on

Loading...
Loading...

सामान्य धान का एमएसपी 2,441 और ग्रेड-ए का 2,461 रुपये प्रति क्विंटल तय, किसानों की सहायता के लिए कंट्रोल रूम स्थापित

भदोही, 29 अक्टूबर। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में मूल्य समर्थन योजना के तहत धान खरीद की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिलाधिकारी शैलेष कुमार के निर्देश पर जनपद में किसानों से धान खरीदने के लिए कुल 28 क्रय केंद्र अनुमोदित किए गए हैं। इन केंद्रों पर एक नवंबर 2026 से खरीद शुरू होगी। खरीद प्रक्रिया की निगरानी के लिए अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) को जिला खरीद अधिकारी नामित किया गया है।

तीनों तहसीलों में बनाए गए क्रय केंद्र

जनपद में खाद्य विभाग के 15, पीसीएफ के 12 और भारतीय खाद्य निगम का एक क्रय केंद्र निर्धारित किया गया है। तहसील ज्ञानपुर में सात केंद्र होंगे, जिनमें खाद्य विभाग के पांच, पीसीएफ का एक और भारतीय खाद्य निगम का एक केंद्र शामिल है। तहसील औराई में खाद्य विभाग के चार और पीसीएफ के दो, कुल छह केंद्रों पर खरीद होगी। वहीं, तहसील भदोही में खाद्य विभाग के छह और पीसीएफ के नौ, कुल 15 क्रय केंद्र बनाए गए हैं।

धान के समर्थन मूल्य में 72 रुपये की बढ़ोतरी

Advertisement

खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए सामान्य धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 2,441 रुपये प्रति क्विंटल और ग्रेड-ए धान का 2,461 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। यह पिछले वर्ष की तुलना में 72 रुपये प्रति क्विंटल अधिक है। निर्धारित समर्थन मूल्य पर खरीद से किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

ऑनलाइन पंजीकरण और आधार लिंक खाते में भुगतान

किसान अपने मोबाइल फोन, किसान मित्र ऐप या साइबर कैफे के माध्यम से खाद्य एवं रसद विभाग की वेबसाइट fcs.up.gov.in पर पंजीकरण करा सकते हैं। धान खरीद का भुगतान किसानों के आधार लिंक्ड और एनपीसीआई मैप्ड बैंक खातों में किया जाएगा।

किसानों की फार्मर आईडी के आधार पर भी धान खरीदा जाएगा। फार्मर आईडी से खरीद कराने वाले किसानों को विभागीय पोर्टल पर अलग से पंजीकरण कराने की जरूरत नहीं होगी। जिन किसानों के पास फार्मर आईडी नहीं है, उन्हें ऑनलाइन पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा। बटाईदार किसान भी पंजीकरण कराकर धान बेच सकेंगे, लेकिन उनसे अधिकतम 100 क्विंटल धान की खरीद की जाएगी।

किसानों की सुविधा के लिए कंट्रोल रूम

Advertisement

जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने सभी धान क्रय एजेंसियों को खरीद से संबंधित तैयारियां समय से पूरी करने और किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न होने देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने खरीद प्रक्रिया की नियमित निगरानी और निर्धारित व्यवस्थाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

जिला खाद्य विपणन अधिकारी शिशिर कुमार ने बताया कि शासन के निर्देशों के अनुपालन में एक नवंबर से धान खरीद शुरू होगी। खरीद से संबंधित समस्या या शिकायत के निस्तारण के लिए जनपद में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। किसान मोबाइल नंबर 9140777548 पर संपर्क कर अपनी समस्या बता सकते हैं।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page