अपराध
महिलाओं से छिनैती करने वाले दो बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार
लूट के गहने, नकदी और तमंचा बरामद
देवरिया। जिले में महिलाओं से छीनेटी और लूट की घटनाओं को अंजाम देने वाले दो बदमाशों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। शनिवार रात रामपुर चौराहे पर पुलिस चेकिंग के दौरान केटीएम बाइक सवार दो युवक संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिए। पुलिस द्वारा रोकने का प्रयास करने पर दोनों बैरियर तोड़कर भागने लगे। पीछा करने के दौरान गुरूघाट पुलिया के पास उनकी बाइक फिसल गई। आरोप है कि बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने कार्रवाई की। इस दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरा आरोपी मौके पर पकड़ लिया गया।
घायल आरोपी की पहचान फाजिलनगर थाना क्षेत्र निवासी जैनुद्दीन उर्फ गोगा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो तमंचे, कारतूस, नकदी, लूट के गहने और केटीएम बाइक बरामद की। पूछताछ में आरोपियों ने गोरखपुर और देवरिया क्षेत्र में महिलाओं से पर्स और बैग छीने जाने की कई घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की। पुलिस ने जिले में निगरानी और चेकिंग बढ़ा दी है।
