बलिया
तेज रफ्तार पिकअप ने ई-रिक्शा को मारी टक्कर, खड्ड में गिरा वाहन; चालक गंभीर
बैरिया, बलिया। राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर सोनबरसा गांव के समीप तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से ई-रिक्शा सड़क किनारे गहरे खड्ड में जा गिरा। हादसे में ई-रिक्शा चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पिकअप बैरिया की ओर से मांझी जा रही थी। इसी दौरान सोनबरसा के पास सामने से आ रहे ई-रिक्शा को उसने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड्ड में पलट गया। हादसे में ई-रिक्शा चालक धनजी (25), निवासी जगदेवा डाही, गंभीर रूप से घायल हो गए।
दुर्घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल चालक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनबरसा पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद दुर्घटनाग्रस्त ई-रिक्शा को भी खड्ड से बाहर निकाला।
हादसे के बाद क्षेत्रीय लोगों में आक्रोश है। स्थानीय लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही पर नियंत्रण लगाने और सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग उठाई है।
