जौनपुर
विद्युत तार की चपेट में आने से ट्रेलर में लगी आग, चालक ने कूदकर बचाई जान
Loading...
Loading...
ट्रेलर का टायर ब्लास्ट होने से टूटा बिजली के तार से संपर्क, टैंकर से बुझाई गई आग
चंदवक ,जौनपुर। थाना क्षेत्र के खुज्झी स्थित एनएच-233 फोरलेन प्लांट के समीप रविवार शाम विद्युत तार की चपेट में आने से एक ट्रेलर में आग लग गई। ट्रेलर में आग लगते ही चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन से कूदकर अपनी जान बचाई। घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
Loading...
जानकारी के अनुसार, सड़क निर्माण कार्य के लिए सामान लेकर पहुंचा ट्रेलर सामान उतारने के बाद वापस मुड़ रहा था। इसी दौरान ट्रेलर ऊपर से गुजर रहे विद्युत तार के संपर्क में आ गया। बिजली का करंट उतरने से ट्रेलर में आग लग गई। करंट का झटका और झनझनाहट महसूस होते ही चालक चंद्रशेखर निवासी बहेड़ी, मिर्जापुर ने तत्काल ट्रेलर से छलांग लगा दी।
ट्रेलर को धू-धूकर जलता देख आसपास के लोगों और प्लांट कर्मचारियों की भीड़ जुट गई। आनन-फानन में पानी का टैंकर बुलाया गया। इसी बीच आग की तपिश से ट्रेलर का टायर ब्लास्ट हो गया और वाहन नीचे की ओर लटक गया, जिससे विद्युत तार से उसका संपर्क टूट गया। इसके बाद टैंकर की मदद से आग पर काबू पाया गया। चालक के समय रहते कूद जाने से एक बड़ा हादसा टल गया।
Continue Reading
