Bhadohi
साइकिल रैली निकालकर जनगणना-2027 के प्रति किया जागरूक
भदोही साइकिलिंग क्लब की पहल, सीडीओ ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना; पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली का भी दिया संदेश
गोपीगंज (भदोही)। जनगणना-2027 को सफल बनाने, पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य संवर्धन और मतदाता जागरूकता के उद्देश्य से रविवार को भदोही साइकिलिंग क्लब की ओर से जागरूकता साइकिल रैली निकाली गई। साइकिल मैन भदोही अताउल मुस्तफा अंसारी के नेतृत्व में आयोजित रैली के माध्यम से लोगों को राष्ट्रीय जनगणना में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित बड़े चौराहे से शुरू हुई साइकिल यात्रा झिलियापुल, अमवा, लालानगर और कोइलरा होते हुए राम सजीवन लाल इंटरमीडिएट कॉलेज, काशीचक खमरिया पहुंची। यहां मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविन्द शुक्ल, उपजिलाधिकारी औराई शिवेंद्र कुमार वर्मा, तहसीलदार राहुल सिंह, नायब तहसीलदार अखिलेश यादव, अधिशासी अभियंता खमरिया अमित कुमार और लेखपाल संघ के अध्यक्ष अनिल यादव ने पहुंचकर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
कॉलेज के बालचर प्रशिक्षक रविन्द्र कुमार गुप्ता के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं ने पुष्पवर्षा और तालियों के साथ साइकिल यात्रियों का स्वागत किया। इस दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल रहा।
मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविन्द शुक्ल ने कहा कि भारत सरकार की महत्वाकांक्षी योजना जनगणना-2027 को सफल बनाने के लिए जनजागरूकता जरूरी है। प्रत्येक नागरिक को सही जानकारी उपलब्ध कराने और इस राष्ट्रीय कार्य में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रैली निकाली गई है। उन्होंने लोगों से प्रतिदिन योग और व्यायाम करने तथा आसपास के कार्यों के लिए साइकिल का इस्तेमाल करने की अपील की।
इसके बाद मुख्य विकास अधिकारी, एसडीएम औराई शिवेंद्र कुमार वर्मा, साइकिल मैन अताउल मुस्तफा अंसारी और बालचर प्रशिक्षक रविन्द्र कुमार गुप्ता ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रैली को आगे रवाना किया। साइकिल यात्रा राम सजीवन लाल इंटरमीडिएट कॉलेज से खमरिया नगर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए नगर पंचायत खमरिया पहुंचकर संपन्न हुई।
रैली के दौरान ‘हमारी गणना हमारा सम्मान, विकसित भारत का बने प्रमाण’, ‘जन-जन की भागीदारी, विकसित भारत की तैयारी’ और ‘आइए मिलकर कदम बढ़ाएं, जनगणना को सफल बनाएं’ जैसे नारों के जरिए लोगों को जागरूक किया गया। साथ ही भारत माता की जय और वंदे मातरम् के उद्घोष से वातावरण गुंजायमान रहा।
इस अवसर पर मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण, जनगणना, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। आयोजन में दीपक, राकेश, निरंजन यादव, चंदन, आशीष, प्रवीण श्रीवास्तव, बेचन सिंह, प्रमोद मौर्य, बनारसी बिंद, राजीव जायसवाल, रोहित यादव, हर्ष तिवारी, जिगर गुप्ता, रितिक कनौजिया, संजय चौधरी, सरफराज अहमद, संदीप बिंद, पंकज यादव, अबू हुरैरा अंसारी, आदर्श बिंद, फैज आलम, अजय बिंद, मुज्तबा अंसारी, बृजेश बिंद सहित बड़ी संख्या में युवाओं ने भागीदारी की।
