Connect with us

Bhadohi

किसानों को खाद की किल्लत नहीं होने देंगे, धान खरीद तत्काल शुरू कराने के निर्देश

Published

on

Loading...
Loading...

मुख्य सचिव की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के बाद सीडीओ ने की समीक्षा, समितियों पर यूरिया और डीएपी का पर्याप्त स्टॉक रखने के आदेश

भदोही। रबी फसलों की बुवाई के दौरान किसानों को खाद की किल्लत न हो और धान खरीद समय से शुरू कराई जा सके, इसके लिए जिला प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। रविवार को मुख्य सचिव, उत्तर प्रदेश शासन की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के बाद मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविंद शुक्ल ने संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर जनपद में खाद की उपलब्धता, धान खरीद और पराली प्रबंधन की समीक्षा की।

एनआईसी सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में सीडीओ ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बफर गोदामों में उपलब्ध यूरिया और डीएपी को तत्काल सहकारी समितियों तक पहुंचाया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि रबी की बुवाई के दौरान किसानों को खाद की कमी का सामना नहीं करना पड़े। प्रत्येक सहकारी समिति पर कम से कम 25 मीट्रिक टन यूरिया और 15 मीट्रिक टन फास्फेटिक उर्वरक उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने कहा कि सभी सहकारी समितियां प्रत्येक कार्यदिवस सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक अनिवार्य रूप से खुली रहें। खाद का वितरण पीओएस मशीन के माध्यम से फार्मर आईडी और खतौनी के आधार पर किया जाए। किसानों को प्रति हेक्टेयर सात बैग यूरिया और पांच बैग डीएपी उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।

Advertisement

धान खरीद की समीक्षा करते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने जनपद के सभी क्रय केंद्रों पर तत्काल खरीद शुरू कराने और किसानों को समय से भुगतान सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने निजी उर्वरक विक्रेताओं की नियमित जांच करने के निर्देश देते हुए चेतावनी दी कि खाद की अधिक कीमत वसूलने, जमाखोरी करने या अन्य उत्पादों के साथ खाद की टैगिंग करने की शिकायत मिलने पर संबंधित विक्रेताओं के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

पराली प्रबंधन को लेकर भी सीडीओ ने अधिकारियों को सक्रिय रहने के निर्देश दिए। उन्होंने गांव-गांव में किसानों को फसल अवशेष न जलाने के प्रति जागरूक करने और पराली के उचित निस्तारण के लिए कृषि यंत्रों के उपयोग को बढ़ावा देने पर जोर दिया। साथ ही पराली जलाने की घटनाओं पर लगातार नजर रखने को कहा।

मुख्य विकास अधिकारी ने स्पष्ट किया कि खाद वितरण की समीक्षा अब प्रतिदिन की जाएगी। किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से काम करें। उन्होंने कहा कि खाद की उपलब्धता और वितरण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

अंत में उन्होंने किसानों से अपील की कि वे पराली न जलाएं और उर्वरकों का उपयोग अपनी आवश्यकता के अनुसार ही करें, ताकि सभी किसानों को समय पर खाद उपलब्ध हो सके।

Advertisement

Continue Reading
Advertisement
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page