बलिया
चितबड़ागांव स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव की मांग को लेकर डीआरएम से मिले चंदन सिंह बागी
चितबड़ागांव। स्थानीय रेलवे स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव और यात्री सुविधाओं के विस्तार की मांग को लेकर युवा समाजसेवी चंदन सिंह बागी ने गुरुवार देर शाम वाराणसी मंडल के डीआरएम आशीष जैन से मुलाकात की।
कार्यालय में हुई इस भेंट के दौरान उन्होंने यात्रियों की परेशानियों से अवगत कराते हुए लखनऊ-छपरा, कामायनी और स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस के ठहराव के साथ ही स्टेशन की अव्यवस्थाएं दूर करने की मांग रखी। ज्ञात हो कि वे इस संदर्भ में पूर्व में मांगपत्र सौंपने के साथ ही शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन की अनुमति हेतु प्रशासन को प्रार्थना पत्र भी दे चुके हैं।
बागी के अनुसार, डीआरएम ने बताया कि मामले में रेलवे बोर्ड स्तर पर कार्रवाई चल रही है। रिपोर्ट मिलने के बाद सर्वे कराकर आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। उन्होंने छठ महापर्व के बाद सार्थक प्रयास का भरोसा दिया है। समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई। इस दौरान कृष्ण मोहन तिवारी व अतिश सिंह मौजूद रहे।
