वाराणसी
योग एवं शारीरिक शिक्षा पर पुस्तक ‘योगा एंड फिजिकल एजुकेशन’ का भव्य विमोचन, आयुष मंत्री दयाशंकर मिश्र ने की सराहना
विशाल कुमार पाण्डेय की पुस्तक विद्यार्थियों, शिक्षकों और योग प्रेमियों के लिए होगी उपयोगी, मंत्री ने उज्ज्वल भविष्य की दी शुभकामनाएं
वाराणसी। प्रदेश सरकार के आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 को अपने कैंप कार्यालय में विशाल कुमार पाण्डेय द्वारा लिखित पुस्तक ‘योगा एंड फिजिकल एजुकेशन’ का गरिमामय समारोह में विमोचन किया।

इस अवसर पर मंत्री दयाशंकर मिश्र ने पुस्तक की विषयवस्तु और उपयोगिता की सराहना करते हुए लेखक विशाल कुमार पाण्डेय के प्रयास की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि योग एवं शारीरिक शिक्षा वर्तमान समय में स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और बेहतर समाज के निर्माण के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। इस विषय पर पुस्तक का लेखन विद्यार्थियों, शिक्षकों तथा योग के प्रति रुचि रखने वाले लोगों के लिए काफी उपयोगी साबित होगा।
उन्होंने लेखक को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पुस्तक के माध्यम से योग, शारीरिक स्वास्थ्य और शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास सराहनीय है। इस तरह की पहल न केवल ज्ञानवर्धन करती है, बल्कि स्वस्थ, जागरूक एवं सशक्त समाज के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
कार्यक्रम में गाजीपुर जनपद के राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित शिक्षक एवं वरिष्ठ पत्रकार पंडित मुन्नीलाल पाण्डेय, रजनीश कुमार पाण्डेय, राजेश वर्मा, सुशील कुमार सेठ, अभिषेक प्रताप सिंह एडवोकेट सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने पुस्तक के प्रकाशन और विमोचन पर लेखक को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
