वाराणसी
आर्य नगर पिंडरा बाजार में 49वां वैदिक धर्म महोत्सव आज से, तैयारियां पूरी
तीन दिवसीय महोत्सव में आर्य विद्वान करेंगे प्रवचन, भजन और शंका समाधान
पिंडरा।
आर्य समाज आर्य नगर पिंडरा बाजार के स्थापना वर्ष के उपलक्ष्य में 49वां वैदिक धर्म महोत्सव आगामी 14, 15 और 16 नवंबर को धूमधाम से आयोजित किया जाएगा। तीन दिवसीय इस धार्मिक आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। महोत्सव को लेकर आर्य समाज के सदस्यों और क्षेत्रीय श्रद्धालुओं में उत्साह है।
महोत्सव के संबंध में आचार्य आनंद आर्य एवं अरविंद विश्वकर्मा ने बताया कि कार्यक्रम में समागत आर्य विद्वान एवं भजनोपदेशक स्वामी उदगीथानंद, पंडित रामाधार शास्त्री और रामसेवक आर्य श्रद्धालुओं को वैदिक धर्म, संस्कृति, संस्कार और जीवन मूल्यों से जुड़े विषयों पर संबोधित करेंगे। उनके प्रवचनों के माध्यम से लोगों को वैदिक विचारधारा, सत्य, सदाचार और सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि तीनों दिन कार्यक्रम दो सत्रों में आयोजित होंगे। प्रथम सत्र में प्रतिदिन प्रातः 5 बजे से 7 बजे तक योग एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया जाएगा। वहीं द्वितीय सत्र शाम 5 बजे से रात्रि 9 बजे तक चलेगा। इसमें वैदिक प्रवचन, भजनोपदेश और शंका समाधान के कार्यक्रम आयोजित होंगे।
