पूर्वांचल
डीजल चोर गिरोह का भंडाफोड़, 25 हजार के इनामी समेत तीन गिरफ्तार
बस्ती। हाइवे पर खड़े वाहनों से डीजल चोरी करने वाले अंतर-जनपदीय गिरोह का पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के तीन शातिर सदस्यों को गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायालय भेज दिया। आरोपितों के पास से डीजल चोरी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण भी बरामद किए गए हैं।
गत रात गश्त के दौरान पुलिस ने पटखापुर के पास तीन संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से डीजल चोरी में प्रयुक्त औजार बरामद हुए। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अंबेडकरनगर जिले के अहिरौली थाना क्षेत्र के मुस्तफाबाद निवासी 25 हजार के इनामी चोर भीम पुत्र शीतल प्रसाद के रूप में हुई। उसके साथ मोहन पांडेय और धीरज गोस्वामी निवासी उत्तेरथु गोंसाई का पूरवा थाना इब्राहमपुर, अंबेडकरनगर को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार तीनों किराए के चार पहिया वाहन से घूम-घूमकर हाइवे पर खड़ी गाड़ियों से डीजल चोरी की वारदात को अंजाम देते थे।
सीओ हर्रैया स्वर्णिमा सिंह ने बताया कि आरोपितों के कब्जे से तीन प्लास, तीन बड़े स्पैनर रिंच, 1820 रुपये नकद, दो मोबाइल फोन, एक चार पहिया वाहन और चोरी किया गया 100 लीटर डीजल बरामद किया गया है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में एसओजी प्रभारी विकास यादव, थानेदार चंदन कुमार और उनकी टीम शामिल रही।
