गाजीपुर
यूपी की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगा परिवर्तन मोर्चा
एनडीए और इंडिया गठबंधन के विकल्प के रूप में उतरने का ऐलान, बैठक में छह प्रस्ताव पारित
मुहम्मदाबाद (गाजीपुर)। नगर के शहीद पार्क में परिवर्तन मोर्चा की बैठक आयोजित हुई। इसमें बसपा, राष्ट्रीय लोक जनता पार्टी, राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग मोर्चा और बहुजन क्रांति मोर्चा सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ने का निर्णय लिया गया। साथ ही जनसंख्या के अनुपात में राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
राष्ट्रीय लोक जनता पार्टी के राष्ट्रीय संरक्षक वृजराज राजभर ने कहा कि बहुजन समाज की एकजुटता राजनीतिक बदलाव का आधार बनेगी। राष्ट्रीय महामंत्री प्रेमनाथ गुप्ता ने कहा कि परिवर्तन मोर्चा आगामी चुनाव में एनडीए और इंडिया गठबंधन के विकल्प के रूप में मैदान में उतरेगा।
बैठक में सरकारी संस्थानों के निजीकरण पर रोक, जातिगत जनगणना शीघ्र कराने, ईवीएम के स्थान पर बैलेट पेपर से चुनाव कराने, रोहिणी आयोग की रिपोर्ट लागू करने, आरएसएस पर प्रतिबंध लगाने तथा बहुजनों के मौलिक अधिकारों की रक्षा सहित छह प्रस्ताव पारित किए गए।
बैठक में विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। अध्यक्षता भंते शीलवचन ने की।
