जौनपुर
स्कूल जाते समय 10 वर्षीय बच्चा लापता
दो नामजद समेत तीन के खिलाफ मुकदमा, पुलिस ने शुरू की बच्चे की तलाश
रामपुर, जौनपुर (जयदेश)। रामपुर थाना क्षेत्र के भरसठ गांव में मंगलवार को स्कूल जाने के लिए घर से निकला 10 वर्षीय बच्चा संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। सूचना पर पुलिस ने दो नामजद और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ बीएनएस की धारा 137(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
स्कूल के लिए निकला था बच्चा
गढ़वा हेमराज गांव निवासी विजय कुमार जैसवार की पत्नी सुशीला देवी के अनुसार उनका 10 वर्षीय बेटा दिवाकर मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे भरसठ स्थित मां सरस्वती ज्ञान मंदिर जाने के लिए घर से निकला था। परिजनों का आरोप है कि भरसठ स्थित शिव मंदिर के पास गोपालापुर निवासी अरबाज और उसके एक अज्ञात साथी ने बच्चे को अपने साथ ले लिया।
तलाश के बाद भी नहीं मिला सुराग
बच्चे के स्कूल नहीं पहुंचने और घर वापस नहीं आने पर परिजन परेशान हो गए। उन्होंने आसपास के क्षेत्रों और संभावित स्थानों पर उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद परिजनों ने रामपुर पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने शुरू की जांच
रामपुर पुलिस ने तहरीर के आधार पर दो नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस बच्चे की तलाश के साथ घटनास्थल और आसपास के संभावित रास्तों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस के अनुसार मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और बच्चे की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।
