भदोही
मतदाता सूची में कोई पात्र मतदाता छूटने न पाए, निर्वाचन आयुक्त ने अधिकारियों को दिए निर्देश
महाविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों व छात्रावासों में अभियान चलाकर युवाओं और महिलाओं का नाम जोड़ने पर जोर, पांच बीएलओ व तीन नए मतदाता सम्मानित
भदोही। भारत निर्वाचन आयोग के निर्वाचन आयुक्त डॉ. विवेक जोशी ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के साथ बैठक कर निर्वाचन संबंधी तैयारियों और विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की समीक्षा की। बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी अनिल कुमार सिंह ने जनपद में चल रहे निर्वाचन कार्यों की विस्तृत जानकारी दी।
निर्वाचन आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मतदाता सूची को शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाने के लिए पूरी गंभीरता से कार्य किया जाए। कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित नहीं रहना चाहिए। इसके लिए महाविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों, छात्रावासों एवं भर्ती रैलियों में शिविर लगाकर युवा और छूटे हुए मतदाताओं से फार्म-6 भरवाने तथा उनका नाम सूची में शामिल कराने की प्रक्रिया तेज करने को कहा।
उन्होंने मतदाता जागरूकता अभियान को प्रभावी बनाने के लिए सिनेमा हॉलों में विज्ञापन के माध्यम से प्रचार-प्रसार कराने तथा अधिक से अधिक लोगों को मतदाता बनने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जेंडर रेशियो की समीक्षा करते हुए भदोही, औराई एवं ज्ञानपुर क्षेत्रों में महिला मतदाताओं की संख्या बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। निर्वाचन आयुक्त ने पात्र महिलाओं से फार्म-6 भरवाकर मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए अभियान चलाने तथा स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं का सहयोग लेने को कहा।
उन्होंने फार्म-8 के माध्यम से मतदाता विवरण में संशोधन से संबंधित कार्यों की निरंतर निगरानी करने और निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निर्वाचन कार्य में बीएलओ की भूमिका महत्वपूर्ण बताते हुए उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने में सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करना होगा।
निर्वाचन आयुक्त ने मतदान कार्मिकों के प्रशिक्षण पर जोर देते हुए कहा कि बेहतर प्रशिक्षण से निर्वाचन प्रक्रिया को सरल एवं सुगम तरीके से संपन्न कराया जा सकता है। उन्होंने स्टेकहोल्डरों का भी प्रशिक्षण कराने, प्रत्येक बूथ पर मतदाताओं की संख्या 1200 से अधिक न रखने तथा मतदान के दौरान कार्मिकों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा। इसके साथ ही संवेदनशील बूथों के चिन्हीकरण एवं कानून व्यवस्था की स्थिति की भी समीक्षा की।
विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पांच बीएलओ तथा तीन नए मतदाताओं को निर्वाचन आयुक्त ने सम्मानित किया। उन्होंने नए मतदाताओं के भरे गए फार्मों का अवलोकन किया और युवा मतदाताओं से संवाद कर उन्हें मतदान के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
बैठक के अंत में अधिकारियों ने निर्वाचन आयुक्त को आश्वस्त किया कि उनके द्वारा दिए गए निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करते हुए निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराया जाएगा।
इस अवसर पर पुलिस आयुक्त अभिनव त्यागी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी शुभांगी शुक्ला, सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) तथा निर्वाचन कार्य से संबंधित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
