भदोही
सरकारी शहनाई की गूंज के बीच 148 जोड़े विवाह बंधन में बंधे, जनप्रतिनिधियों ने दिया आशीर्वाद
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत विभिन्न ब्लॉकों व नगर निकायों में आयोजन, नवदंपतियों ने मुख्यमंत्री के प्रति जताया आभार
भदोही। जनपद के विभिन्न विकासखंडों एवं नगर निकायों में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत गुरुवार को सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया गया। जिलाधिकारी अनिल कुमार सिंह के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में कुल 148 जोड़ों ने वैवाहिक जीवन की शुरुआत की। समारोह में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने नवदंपतियों को आशीर्वाद देते हुए सुखमय जीवन की कामना की।
सामूहिक विवाह कार्यक्रम के तहत ब्लॉक भदोही में 13, औराई में 34, ज्ञानपुर में 27, सुरियावां में 19, डीघ में 26 तथा अभोली में 17 विवाह संपन्न हुए। इसके अलावा नगर पालिका भदोही में छह, नगर पंचायत ज्ञानपुर में तीन और नगर पंचायत सुरियावां में तीन जोड़ों का विवाह कराया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि औराई विधायक दीनानाथ भास्कर, पूर्व विधायक रविंद्र त्रिपाठी तथा मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविंद शुक्ला समेत विभिन्न जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने सहभागिता की। सभी ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वचन देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विधायक दीनानाथ भास्कर ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना शादी-विवाह में होने वाले अनावश्यक खर्च और अपव्यय पर रोक लगाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। इस योजना से गरीब परिवार भी अपनी बेटियों का विवाह सम्मान और खुशहाली के साथ संपन्न करा पा रहे हैं। उन्होंने सामूहिक विवाह को सामाजिक समरसता एवं समानता का प्रतीक बताया।
मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविंद शुक्ला ने कहा कि सामूहिक विवाह कार्यक्रम समाज में एकता और अखंडता को मजबूत करता है। एक ही मंडप में विभिन्न जातियों एवं समुदायों के लोग सामाजिक परंपराओं के अनुसार विवाह के बंधन में बंधते हैं, जिससे सामाजिक सद्भाव और सामासिक संस्कृति को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने नवदंपतियों को सात वचनों का महत्व समझाते हुए आपसी विश्वास एवं सामंजस्य के साथ जीवन आगे बढ़ाने की शुभकामनाएं दीं।
जिला समाज कल्याण अधिकारी गीता देवी ने बताया कि योजना के अंतर्गत प्रत्येक कन्या के खाते में 64 हजार रुपये की सहायता राशि तथा 21 हजार रुपये मूल्य की वैवाहिक उपहार सामग्री प्रदान की गई। इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को विवाह के खर्च से राहत मिली।
वर्गवार आयोजित विवाह समारोह में अनुसूचित जाति के 91, पिछड़ा वर्ग के 47, सामान्य वर्ग के तीन तथा अल्पसंख्यक वर्ग के सात जोड़े शामिल हुए। समारोह में नवदंपतियों एवं उनके परिजनों के लिए समुचित व्यवस्थाएं की गई थीं। विवाह संपन्न होने के बाद नवदंपतियों ने सरकार एवं मुख्यमंत्री के प्रति धन्यवाद और आभार व्यक्त किया।
