वाराणसी
रामपुर साइबर टीम को मिली सफलता, ठगी के 12,386 रुपये पीड़ित के खाते में वापस
मधुबन, मऊ। रामपुर थाना की साइबर टीम ने मंगलवार को साइबर ठगी के शिकार युवक को बड़ी राहत दी। पुलिस अधीक्षक सर्वेश कुमार मिश्रा और अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे साइबर फ्रॉड रोकथाम व जागरूकता अभियान के तहत टीम ने ठगी गई धनराशि में से 12,386 रुपये पीड़ित के खाते में वापस कराए।
क्षेत्राधिकारी मधुबन दिनेशदत्त मिश्रा व थानाध्यक्ष सुनील कुमार सरोज के नेतृत्व में थाना रामपुर साइबर टीम ने कार्रवाई की। लखनौर निवासी विक्की पुत्र जवाहर के खाते से कुल 1,40,000 रुपये का साइबर फ्रॉड हो गया था। पीड़ित ने 13 अगस्त 2026 को शिकायत दर्ज कराई थी, जो जांच के लिए थाना रामपुर को प्राप्त हुई। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए टीम ने ठगी गई धनराशि में से 47,642.24 रुपये होल्ड कराए। इसमें से पूर्व में 15,941 रुपये वापस कराए जा चुके थे। वहीं मंगलवार 17 नवंबर 2026 को न्यायालय के आदेश के क्रम में 12,386 रुपये और पीड़ित के खाते में वापस कराए गए। पीड़ित ने साइबर टीम रामपुर तथा पुलिस विभाग की भूरि-भूरि प्रशंसा की। साइबर टीम में उप निरीक्षक प्रमोद कुमार, उप निरीक्षक सुश्री अनुराधा, कंप्यूटर ऑपरेटर नीरज शर्मा, आरक्षी नीलेश मिश्रा, आरक्षी विकास पांडेय शामिल रहे।
