जौनपुर
जमीन विवाद में युवक की पीट-पीटकर हत्या, गांव में तनाव
दूसरे गांव से आए 20-25 लोगों पर हमले का आरोप, घर के दरवाजे पर हुई वारदात के बाद पुलिस तैनात
तेजी बाजार, जौनपुर। तेजी बाजार थाना क्षेत्र के मैनुद्दीनपुर गांव में मंगलवार सुबह जमीन संबंधी पुरानी रंजिश को लेकर हुई मारपीट में 37 वर्षीय राकेश कुमार गौतम की मौत हो गई। आरोप है कि दूसरे गांव से पहुंचे 20 से 25 लोगों ने उन्हें घर के दरवाजे पर घेरकर लाठी-डंडों से पीटा। गंभीर चोटें लगने से राकेश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, राकेश कुमार गौतम का कुछ लोगों से जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। मंगलवार सुबह करीब साढ़े सात बजे इसी विवाद को लेकर दूसरे गांव से बड़ी संख्या में लोग मैनुद्दीनपुर पहुंचे। आरोप है कि इन लोगों ने राकेश को उनके घर के सामने घेर लिया और उन पर हमला कर दिया। अचानक हुई इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
राकेश की मौत की खबर मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटना की जानकारी मिलने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर जुट गए।
सूचना पर तेजी बाजार थाने की पुलिस पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। वारदात के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस जमीन विवाद को घटना की संभावित वजह मानते हुए हमले में शामिल लोगों की पहचान और पूरे मामले की जांच कर रही है।
