Bhadohi
भदोही में डीएपी की किल्लत नहीं, वाराणसी से मिली 800 मीट्रिक टन की अतिरिक्त खेप
जिले में 1,857 मीट्रिक टन डीएपी और 6,177 मीट्रिक टन यूरिया उपलब्ध, ओवररेटिंग करने वाले विक्रेताओं पर होगी कार्रवाई : जिलाधिकारी
भदोही, 16 नवंबर। रबी फसलों की बुवाई के बीच किसानों को उर्वरकों की उपलब्धता को लेकर परेशान होने की जरूरत नहीं है। जिले में डीएपी और यूरिया का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने बताया कि वर्तमान में जनपद में 1,857 मीट्रिक टन डीएपी और 6,177 मीट्रिक टन यूरिया मौजूद है। इसके अलावा वाराणसी से कोरोमंडल कंपनी की 800 मीट्रिक टन डीएपी की अतिरिक्त आपूर्ति भी प्राप्त हुई है।
जिलाधिकारी ने बताया कि अतिरिक्त आपूर्ति में से 500 मीट्रिक टन डीएपी सहकारिता क्षेत्र और 300 मीट्रिक टन निजी क्षेत्र को आवंटित की गई है। सहकारी समितियों और निजी उर्वरक विक्रय केंद्रों के माध्यम से किसानों को उनकी जरूरत के अनुसार खाद उपलब्ध कराई जा रही है।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि उर्वरकों के भंडारण और वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जाए। सभी सहकारी समितियों और निजी विक्रय केंद्रों पर किसानों को निर्धारित दर पर खाद उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। वितरण में किसी भी प्रकार की अनियमितता और कालाबाजारी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने उर्वरक विक्रेताओं को चेतावनी दी कि डीएपी सहित अन्य उर्वरकों की बिक्री शासन द्वारा निर्धारित मूल्य पर ही की जाए। निर्धारित दर से अधिक कीमत वसूलने यानी ओवररेटिंग की शिकायत मिलने पर संबंधित विक्रेता के खिलाफ जांच कर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने किसानों से अपील की कि वे अपनी वास्तविक जरूरत के मुताबिक ही उर्वरक खरीदें और अनावश्यक भंडारण से बचें। जिला प्रशासन किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके लिए संबंधित विभागों को वितरण व्यवस्था पर निरंतर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
