बलिया
छठ महापर्व का समापन: उदीयमान सूर्य को अर्घ्य के साथ संपन्न हुआ लोक आस्था का महापर्व
बलिया: लोक आस्था और सूर्य उपासना के चार दिवसीय महापर्व डाला छठ का सोमवार को उगते हुए सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही विधि-विधान से समापन हो गया। सुबह की पहली किरण के साथ ही जिले के विभिन्न घाटों पर व्रती महिलाओं ने जल में खड़े होकर भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित किया और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
शहर के रामलीला मैदान, टाउनहाल, भृगु आश्रम, महावीर घाट और गंगातट सहित अन्य सभी प्रमुख घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। घाटों को आकर्षक ढंग से सजाया गया था जहां महिलाओं ने विधि-विधान से वेदी सजाई, गन्ने का घेरा बनाया और कलश स्थापना कर पूजा-अर्चना की। इस दौरान छठी मइया के पारंपरिक गीतों से पूरा वातावरण पूरी तरह भक्तिमय नजर आया।
इस बीच, उत्तर प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने भी अपने परिवार के साथ छठ पूजा में सहभागिता निभाई। वे परिवार संग दउरा उठाकर घाट पहुंचे और विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर व्रती महिलाओं के साथ उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। मंत्री ने घाट पर की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया और श्रद्धालुओं से बातचीत की।
छठ घाटों पर अंधेरे को चीरती दीपों की रोशनी, गूंजे मंगलगीत
बांसडीह (बलिया): लोक आस्था के चार दिवसीय महापर्व छठ का समापन सोमवार की भोर उदीयमान सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित करने के साथ हो समपन्न हो गया। बांसडीह क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों पर अंधेरे को चीरती दीपों की रोशनी, गूंजते मंगलगीत और जल में खड़े श्रद्धालुओं का विहंगम दृश्य देखने को मिला। व्रती महिलाओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भगवान भास्कर से परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु और खुशहाली की कामना की।
भोर से ही सूप और दउरा लिए श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। भूतेश्वर नाथ पोखरा, बड़ी बाजार ठाकुरबाड़ी, सरयू नदी के तट समेत क्षेत्र के तमाम घाटों पर ‘जय छठी मइया’ के जयकारे गूंजते रहे। अर्घ्यदान के पश्चात व्रती महिलाओं ने एक-दूसरे को प्रसाद और सिंदूर देकर पर्व की शुभकामनाएं दीं तथा घरों में प्रसाद ग्रहण कर 36 घंटे के निर्जला व्रत का पारण किया।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एसडीएम डॉ. पुष्कर मिश्रा और सीओ जयशंकर मिश्रा समेत प्रशासनिक अधिकारी भोर से ही घाटों पर मुस्तैद रहे और स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखी। चार दिनों तक चले इस महापर्व से पूरे क्षेत्र में उल्लास का माहौल रहा।
छठ पर्व,व्रती महिलाओने की सुख समृद्धि की कामना
गड़वार(बलिया)।
सोमवार को उगते हुए सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही चार दिवसीय लोक आस्था का महापर्व छठ हर्षोल्लास के साथ संपन्न हो गया। इसके साथ ही व्रती महिलाओं का 36 घंटे का कठिन निर्जला व्रत भी पूरा हुआ। भोर से ही गड़वार क्षेत्र के विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं का तांता लग गया। सिर पर पूजन सामग्री से भरी ‘दउरी’ लिए पुरुषों और छठी मइया के पारंपरिक गीत गाती व्रती महिलाओं ने घाटों की ओर प्रस्थान किया। निर्धारित समयानुसार सुबह 6:16 बजे तालाबों, नहरों और कृत्रिम घाटों पर हजारों महिलाओं ने उगते सूर्य को अर्घ्य देकर संतान की दीर्घायु व परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
अर्घ्यदान के उपरांत महिलाओं ने नाक से लेकर मांग तक लंबा नारंगी सिंदूर लगाकर एक-दूसरे को सुहाग की शुभकामनाएं दीं। मान्यता है कि नारंगी रंग सूर्य देव का प्रतीक है, और यह परंपरा पति की लंबी आयु तथा खुशहाल दांपत्य जीवन का आशीर्वाद दिलाती है। घाटों का यह दृश्य अद्भुत और भक्तिमय रहा।
