पूर्वांचल
भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर मनाया गया जनजातीय गौरव दिवस
भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा ने किया आयोजन, पीएचसी में मरीजों को बांटे फल और मिष्ठान
बांसडीह (बलिया)। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर रविवार को भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा की ओर से जनजातीय गौरव दिवस मनाया गया। इस मौके पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर भगवान बिरसा मुंडा के योगदान को याद किया गया। मोर्चा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष मूनजी गोंड के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम के तहत कार्यकर्ता प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां भर्ती मरीजों के बीच फल और मिष्ठान वितरित किए गए। इस दौरान चिकित्सक डॉ. वीर बहादुर और डॉ. अरुण कुमार तिवारी विशेष रूप से मौजूद रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि मूनजी गोंड ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का संघर्ष, अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान देश की आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने अपने जीवन से स्वाभिमान, स्वतंत्रता और अधिकारों की रक्षा का संदेश दिया। उनके विचार और आदर्श सदैव समाज का मार्गदर्शन करते रहेंगे।
इस दौरान उपस्थित लोगों ने भगवान बिरसा मुंडा के बताए मार्ग पर चलने और उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में भाजपा नेता प्रतुल कुमार ओझा, दिग्विजय सिंह, दुर्गेश मिश्रा, तेजबहादुर रावत, रजत श्रीवास्तव, आकाश गोंड, भीम गोंड, विवेक गुप्ता और संजय प्रसाद समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
