बलिया
बलिया-गाजीपुर मार्ग पर भीषण सड़क हादसा: बाइक और स्कूटी की टक्कर में अधेड़ की मौत, दो किशोर घायल
-सुजायत सहाड़ी के पास हुआ दर्दनाक हादसा, अस्पताल पहुंचने से पहले स्कूटी सवार ने तोड़ा दम
चितबड़ागांव(बलिया)।
बलिया-गाजीपुर मार्ग पर शुक्रवार दोपहर सुजायत सहाड़ी के पास बाइक और स्कूटी की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण हादसे में स्कूटी सवार एक अधेड़ की मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार दो किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) नरही भिजवाया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही स्कूटी सवार ने दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान मुन्ना चौहान (50), निवासी कारो चौहान बस्ती के रूप में हुई है। वहीं, घायलों की पहचान मोहित राजभर (16) और गोलू राजभर (18), निवासी महरेव, चितबड़ागांव के रूप में हुई है।
थानाध्यक्ष लालमणि सरोज ने बताया कि पुलिस ने मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर ली है और पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। घायलों का इलाज सीएचसी नरही में जारी है। मृतक के भाई की तहरीर के आधार पर पुलिस द्वारा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस घटना से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है और क्षेत्र में शोक का माहौल है।
