राष्ट्रीय
पश्चिम एशिया संकट के बीच 20 हजार टन LPG लेकर गुजरात पहुंचा ‘सिमी’ जहाज
नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में चल रहे तनावपूर्ण हालात के बीच 20 हजार टन एलपीजी लेकर ‘सिमी’ कैरियर सुरक्षित तरीके से कांडला के दीनदयाल पोर्ट पहुंचा। इस जहाज ने 13 मई को होर्मुज स्ट्रेट को पार किया था।
जहाज पर कुल 21 क्रू सदस्य मौजूद हैं, जिनमें आठ यूक्रेनी और 13 फिलिपीनी नागरिक शामिल हैं। निगरानी वाले मौजूदा ऑपरेशन्स के दौरान होर्मुज स्ट्रेट पार करने वाला ‘सिमी’ 11वां एलपीजी टैंकर बताया गया है।
होर्मुज में तनाव के बीच जहाज की सुरक्षित आवाजाही को लेकर अधिकारियों ने बताया कि डीजी शिपिंग, विदेश मंत्रालय, रक्षा मंत्रालय और पेट्रोलियम-प्राकृतिक गैस मंत्रालय के बीच बेहतर समन्वय के चलते यह संभव हो सका।
यह जहाज ऐसे समय में भारत पहुंचा है जब पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष की वजह से वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति पर दबाव बना हुआ है। बीते कुछ महीनों के दौरान भारत के कच्चे तेल भंडार में तेजी से कमी दर्ज की गई है। आंकड़ों के अनुसार भंडार में करीब 15 प्रतिशत की गिरावट आई है।
कमोडिटी एनालिटिक्स फर्म Kpler के आंकड़ों के मुताबिक, भारत का कुल कच्चा तेल भंडार फरवरी के अंत में 107 मिलियन बैरल था, जो घटकर 91 मिलियन बैरल रह गया है। यह वही अवधि थी जब संघर्ष शुरू हुआ था। इस भंडार में पेट्रोलियम भंडार, रिफाइनरी होल्डिंग्स और वाणिज्यिक भंडारण शामिल हैं, हालांकि पाइपलाइन स्टॉक इसमें शामिल नहीं है।
आयात में कमी के बावजूद भारतीय रिफाइनरों ने अब तक प्रोसेसिंग को स्थिर बनाए रखा है और रिफाइनरी संचालन में कोई बड़ी कटौती नहीं की गई है। हालांकि, विश्लेषकों का मानना है कि यदि कच्चे तेल की सप्लाई में रुकावट लंबे समय तक बनी रही तो रिफाइनरों को उत्पादन घटाने या प्रोसेसिंग स्तर कम करने का फैसला लेना पड़ सकता है।
