जौनपुर
समाधान दिवस पर डीएम के समक्ष सरकारी नाले पर अवैध कब्जे का ऊठा मामला
डीएम ने हल्का लेखपाल को नाले की पैमाइश कर सीमांकन कराने का निर्देश
, 19 शिकायतों में एक का भी मौके पर नहीं हो सका निस्तारण
जलालपुर (जौनपुर)। स्थानीय थाना परिसर में शनिवार को आयोजित थाना समाधान दिवस का जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन और पुलिस अधीक्षक यशबीर सिंह ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान क्षेत्र के विभिन्न गांवों से कुल 19 फरियादियों ने अपनी शिकायतें दर्ज कराईं, लेकिन मौके पर एक भी प्रार्थना पत्र का निस्तारण नहीं हो सका।
समाधान दिवस पर भाजपा नेता गुलाबचन्द्र सरोज के बेटे सुरेश सरोज पर मनहन गांव निवासी बजरंगी यादव ने हाईवे स्थित बीबनमऊ और महिमापुर गांव की सरहद पर सरकारी नाले पर अवैध कब्जा किए जाने का आरोप लगाते हुए उसे अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने बीबनमऊ के हल्का लेखपाल रामबिलास को टीम गठित कर सरकारी नाले की पैमाइश कराने, उसका सीमांकन करने और अवैध कब्जे की स्थिति में कब्जामुक्त कराने का निर्देश दिया।
वहीं, मझगवां कला गांव निवासी मीरा देवी ने विपक्षी पर उनकी जमीन में बाउंड्रीवाल और रास्ता बनवाने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित हल्का लेखपाल और पुलिस उपनिरीक्षक को संयुक्त टीम गठित कर मौके पर पैमाइश कराने तथा जांच के बाद ही किसी प्रकार का निर्माण कार्य कराने का निर्देश दिया।
इसी क्रम में नेवादा गांव निवासी जगन्नाथ ने शिकायत की कि वह अपनी जमीन पर मकान का निर्माण करा रहे हैं, लेकिन विपक्षी सुनील जबरन रास्ता बनवाने के लिए निर्माण कार्य रोक रहे हैं। इस पर जिलाधिकारी ने हल्का लेखपाल गोविंद को मौके पर पैमाइश कर स्थिति स्पष्ट करने तथा जमीन सरकारी पाए जाने पर नियमानुसार रास्ता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
इसके अलावा अन्य शिकायतों के निस्तारण के लिए भी संबंधित अधिकारियों को टीम गठित कर मौके पर पहुंचकर जांच करने और विवादों का समाधान कराने के निर्देश दिए गए।
