अपराध
लिव-इन पार्टनर की मौत, प्रेमिका की तलाश में जुटी पुलिस
बानपुर (बस्ती)। युवती ने अपने ही लिव-इन पार्टनर पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर उसे जिंदा जलाने का प्रयास किया था। गंभीर रूप से झुलसे मुंडेरवा थाना क्षेत्र के बरहुंवा गांव निवासी रामचंद्र गुप्ता की घटना के सातवें दिन मेडिकल कालेज गोरखपुर में उपचार के दौरान मौत हो गई।
हत्या के मामले में नामजद प्रेमिका अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। प्रेमी पर ज्वलनशील पदार्थ छिड़ककर आग लगाने और कमरे को बाहर से बंद कर देने की घटना एक मई की रात मुंडेरवा थाना क्षेत्र के बरहुंवा गांव में हुई थी।
गांव निवासी डीजे संचालक रामचंद्र गुप्ता अपनी प्रेमिका कांती चौधरी के साथ लिव-इन में रह रहा था। गंभीर रूप से झुलसने के बाद स्वजन और ग्रामीण उसे आनन-फानन में पीएचसी, फिर जिला अस्पताल और उसके बाद मेडिकल कालेज गोरखपुर ले गए थे। जहां बुधवार देर रात उपचार के दौरान रामचंद्र की मौत हो गई।
पुलिस ने घटना के दूसरे दिन ही प्रेमी की मां सरस्वती की तहरीर पर आरोपित प्रेमिका कांती चौधरी निवासी बैरागल, थाना कलवारी के खिलाफ जला कर हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर लिया था, लेकिन अभी तक उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
दोनों कई महीनों से लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। जबकि युवती की शादी पहले ही कहीं और हो चुकी थी और उसके बच्चे भी बताए जा रहे हैं। पिछले कुछ दिनों से लिव-इन में रह रहे दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। पड़ोसियों के अनुसार एक मई शुक्रवार की देर रात भी दोनों के बीच तीखी कहासुनी हुई थी।
विवाद इतना बढ़ गया कि आवेश में आकर प्रेमिका ने प्रेमी पर ज्वलनशील पदार्थ छिड़ककर आग लगा दी। युवक ने किसी तरह रोशनदान से कूदकर आग की लपटों से खुद को बचाने की कोशिश की थी।
घायल रामचन्द्र को मेडिकल कालेज के बर्न वार्ड में भर्ती कराया गया था। एसओ प्रदीप सिंह ने बताया कि आरोपित प्रेमिका की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। मुकदमे में हत्या की धारा बढ़ाई जा रही है।
