Connect with us

गाजीपुर

अर्नब तूफान की आशंका से भांवरकोल के किसानों की बढ़ी चिंता

Published

on

Loading...
Loading...

खेतों में तैयार धान और मिर्च की फसल पर संकट, तेज हवाओं और बारिश से नुकसान का डर

भांवरकोल (गाजीपुर)। अर्नब चक्रवाती तूफान और खराब मौसम की आशंका ने भांवरकोल क्षेत्र के किसानों की चिंता बढ़ा दी है। खेतों में धान की फसल पककर तैयार है, जबकि मिर्च की फसल भी तैयार होने के करीब है। ऐसे में तेज हवाओं और बारिश की संभावना से किसानों को फसलों के नुकसान का डर सता रहा है।

धान, मिर्च और नई फसलों पर खतरा

किसानों के मुताबिक, तेज हवाओं से धान की फसल खेतों में गिर सकती है, जिससे कटाई के साथ उत्पादन और गुणवत्ता भी प्रभावित हो सकती है। वहीं, बारिश और तेज हवा से मिर्च की फसल को नुकसान पहुंचने की आशंका है। प्याज की नर्सरी तैयार कर चुके और मटर की बुआई कर चुके किसानों की चिंता भी बढ़ गई है। खराब मौसम से आगामी फसलों की बुआई में देरी हो सकती है।

आकाशीय बिजली और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी

Advertisement

आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार, 28 से 30 अक्टूबर के बीच आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है, जबकि 29 से 31 अक्टूबर तक बारिश का पूर्वानुमान है। इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 135 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने की आशंका व्यक्त की गई है। हालांकि, वास्तविक स्थिति स्थानीय मौसम पर निर्भर करेगी।

आपदा विशेषज्ञ ने सतर्क रहने की अपील की

आपदा विशेषज्ञ अशोक राय ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका के दौरान खुले मैदानों में जाने से बचें। पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें तथा सुरक्षित पक्के भवन में शरण लें। प्रशासन ने भी मौसम संबंधी चेतावनियों पर नजर रखने और तेज हवा व बारिश के दौरान अनावश्यक रूप से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page