बलिया
आधार लाइए, पांच मिनट में बनवाइए आयुष्मान कार्ड
कलेक्ट्रेट में लगे शिविर का डीएम ने किया औचक निरीक्षण, पात्र लाभार्थियों को सुविधा का लाभ लेने की अपील
बलिया । कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित आयुष्मान कार्ड शिविर का जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को आयुष्मान कार्ड बनाने की प्रक्रिया को त्वरित और सुगम बनाने के निर्देश दिए।
डीएम ने जनपदवासियों से अपील की कि 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों सहित सभी पात्र लाभार्थी अपना आधार कार्ड साथ लेकर आएं और महज पांच मिनट में निःशुल्क आयुष्मान कार्ड बनवाएं। पात्र लोग जिलाधिकारी कार्यालय कक्ष में पहुंचकर इस सुविधा का लाभ ले सकते हैं। योजना के तहत लाभार्थियों को निःशुल्क और गुणवत्तापूर्ण इलाज की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनसुनवाई (आईजीआरएस) में प्राप्त होने वाली समस्याओं का त्वरित निस्तारण किया जा रहा है। इसमें बलिया वर्तमान में प्रदेश में 11वें स्थान पर है। उन्होंने बताया कि जनसुनवाई में आने वाले पात्र लोगों के लिए मौके पर ही आयुष्मान कार्ड बनवाने की व्यवस्था भी की गई है।
डीएम ने सभी पात्र नागरिकों से अपील की कि वे समय रहते अपना आयुष्मान कार्ड अवश्य बनवा लें, ताकि आपात स्थिति में उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का निर्बाध लाभ मिल सके।
