भदोही
तालाब के दलदल में फंसकर नौ वर्षीय बच्ची की मौत
सुरियावां के मलेपुर मोहल्ले में हादसा, कबाड़ तलाशने गई थी बच्ची
सुरियावां, भदोही (जयदेश)। सुरियावां स्थित मलेपुर मोहल्ले में मंगलवार शाम तालाब के दलदल में फंसने से नौ वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। मृतका की पहचान इंदल सरोज की बेटी अनंती के रूप में हुई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
कबाड़ तलाशते समय दलदल में फंसी
बताया गया कि अनंती तालाब में खाली बोतलें तलाशने गई थी। तालाब में फेंके गए कबाड़ के बीच वह दलदल को समझ नहीं सकी और उसमें फंस गई। बाहर निकलने के प्रयास में वह धीरे-धीरे और गहराई में धंसती चली गई। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। तालाब के पास पहुंचने पर बच्ची दलदल में फंसी मिली।
स्थानीय लोगों ने बाहर निकाला, नहीं बच सकी जान
स्थानीय लोगों की मदद से बच्ची को दलदल से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया।
तालाब में कचरा फेंके जाने का आरोप
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि नगर पंचायत की लापरवाही के कारण तालाब में लगातार कबाड़ और कचरा फेंका जा रहा है, जिससे तालाब का बड़ा हिस्सा दलदल में तब्दील हो गया है। लोगों ने नगर पंचायत पर नियमित सफाई न कराने का भी आरोप लगाया। वहीं, परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही बच्ची का अंतिम संस्कार कर दिया।
