आजमगढ़
आजमगढ़ में छात्र-छात्राओं को मिली छात्रवृत्ति, सीडीओ ने बांटे स्वीकृति पत्र
कक्षा 10 और 12 के विद्यार्थियों को मिला लाभ, डीबीटी के माध्यम से खातों में भेजी गई धनराशि
आजमगढ़। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा अल्प आय वर्ग के पूर्वदशम और दशमोत्तर कक्षाओं के 4.60 लाख से अधिक छात्र-छात्राओं के बैंक खातों में 148 करोड़ रुपये से अधिक की छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति राशि के अंतरण कार्यक्रम का सजीव प्रसारण आजमगढ़ में किया गया। इस अवसर पर प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया गया।
शिक्षा से वंचित नहीं रहेगा कोई विद्यार्थी
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का संकल्प है कि आर्थिक अभाव के कारण कोई भी विद्यार्थी शिक्षा से वंचित न रहे। डीबीटी के माध्यम से छात्रवृत्ति की धनराशि सीधे विद्यार्थियों के बैंक खातों में भेजी जा रही है, जिससे उन्हें पढ़ाई और भविष्य निर्माण में सहायता मिलेगी।
विद्यार्थियों को सौंपे गए स्वीकृति पत्र
रानी की सराय क्षेत्र के अमर शहीद स्मारक इंटर कॉलेज, ईश्वरपुर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी राकेश कुमार पटेल ने छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति स्वीकृति पत्र वितरित किए। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर धनराशि का उपयोग पढ़ाई और अध्ययन सामग्री के लिए करने की अपील की। विद्यालय में कक्षा 10 के 96 और कक्षा 12 के 121 विद्यार्थियों को स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए।
विभिन्न वर्गों के विद्यार्थियों को मिला लाभ
सीडीओ के अनुसार, प्रथम चरण में कक्षा 10 के अनुसूचित जाति के 1,803, सामान्य वर्ग के 304, पिछड़ा वर्ग के 5,339 और अल्पसंख्यक वर्ग के 430 विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति स्वीकृत की गई। वहीं, कक्षा 12 में अनुसूचित जाति के 1,592, सामान्य वर्ग के 168, पिछड़ा वर्ग के 4,761 और अल्पसंख्यक वर्ग के 289 विद्यार्थियों को लाभ मिला। धनराशि आधार आधारित बैंक खातों में भेजी गई।
कार्यक्रम में उप जिला विद्यालय निरीक्षक वीरेंद्र प्रताप सिंह, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी चेतन सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी वशिष्ठ नारायण सिंह, प्रधानाचार्य रामसिंह यादव सहित विद्यालय और कल्याण विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।
