Connect with us

बलिया

जलजमाव और कीचड़ से नरकीय हालात, सामुदायिक शौचालय पर लंबे समय से लटका ताला

Published

on

Loading...
Loading...

रसड़ा (बलिया)। रसड़ा सहित मऊ और गाजीपुर के सीमावर्ती क्षेत्रों में ताजी सब्जियों व फलों के प्रमुख क्रय-विक्रय केंद्र के रूप में पहचान रखने वाली नवीन कृषि मंडी इन दिनों बदहाल व्यवस्थाओं से जूझ रही है। मंडी में प्रतिदिन लाखों रुपये का सब्जी और फल कारोबार होने के बावजूद मूलभूत सुविधाओं की स्थिति संतोषजनक नहीं है। बरसात के पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से पूरे परिसर में जगह-जगह जलजमाव और कीचड़ की समस्या बनी हुई है।

मंडी के अंदर और बाहर की सड़कें गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं। जलजमाव और कीचड़ के कारण व्यापारियों, किसानों और आम लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क की बदहाली के चलते कई बार ई-रिक्शा, टेंपो और ठेले पलटने की घटनाएं भी होती रहती हैं। सफाई व्यवस्था भी नियमित नहीं होने से स्थिति और गंभीर हो जाती है।

मंडी में व्यापारियों और आम लोगों के लिए पर्याप्त पेयजल की सुविधा भी नहीं है। वहीं परिसर में बने एकमात्र सामुदायिक शौचालय पर लंबे समय से ताला लटका हुआ है। इससे मंडी में आने वाले लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ती है। सुरक्षा के लिए पांच पीआरडी जवानों की तैनाती की गई है, लेकिन व्यापारियों का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाए जाने की जरूरत है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि लंबे समय से समस्याएं बने रहने के बावजूद जिम्मेदार विभागों की ओर से अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई। मंडी की जर्जर सड़कों और जलजमाव की समस्या से कारोबार भी प्रभावित हो रहा है।

Advertisement

शासन को भेजे गए हैं प्रस्ताव

नवीन कृषि मंडी रसड़ा के सचिव ने बताया कि जर्जर सड़कों के नव निर्माण सहित अन्य व्यवस्थाओं में सुधार के लिए शासन को कई बार प्रस्ताव भेजे गए हैं। सफाई, पेयजल और सामुदायिक शौचालय को चालू कराने की दिशा में शीघ्र उचित कदम उठाए जाएंगे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page