जौनपुर
डिलीवरीकर्मी की पिटाई के मामले में तीन पर मुकदमा
खुटहन (जौनपुर)। तिघरा स्थित पेट्रोल पंप पर बाइक में तेल भरवा रहे एक डिलीवरीकर्मी से मारपीट के मामले में पुलिस ने एक नामजद समेत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पीड़ित का आरोप है कि पेट्रोल पंप से निकलने के बाद भी आरोपियों ने रास्ते में बाइक रोककर उसके साथ मारपीट की।
पेट्रोल पंप पर शुरू हुआ विवाद
पिलकिछा नकबी निवासी विनय प्रजापति एक ई-कॉमर्स कंपनी में सामान डिलीवरी का काम करते हैं। उनका आरोप है कि मंगलवार शाम करीब चार बजे सामान पहुंचाकर खेतासराय कार्यालय लौटते समय वह तिघरा पेट्रोल पंप पर बाइक में तेल भरवा रहे थे। इसी दौरान गौसपुर गांव निवासी सौरभ यादव दो अन्य युवकों के साथ वहां पहुंचा और विवाद करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
रास्ते में दोबारा रोककर पीटने का आरोप
पीड़ित के अनुसार, पेट्रोल पंप से निकलने के बाद तीनों ने आगे रास्ते में उसकी बाइक रोक ली और दोबारा मारपीट की। इससे वह बाइक समेत सड़क पर गिर गया। शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंचे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से चले गए।
पुलिस ने शुरू की जांच
शिकायत के आधार पर खुटहन पुलिस ने सौरभ यादव और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
