गाजीपुर
बिजली के खंभे की छरकी बनी मौत का कारण, किसान की करंट लगने से मौत
खेत में धान की सिंचाई करने गए किसान की करंट की चपेट में आने से मौके पर मौत
गाजीपुर/नंदगंज। थाना क्षेत्र के धरवां गांव में मंगलवार दोपहर धान की फसल की सिंचाई करने गए किसान की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
खेत में सिंचाई करने गए थे किसान
धरवां गांव निवासी साईं बिंद (56) पुत्र जोधा बिंद मंगलवार को करीब एक बजे अपने खेत में धान की फसल की सिंचाई करने गए थे। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से वह गिर पड़े और पास में स्थित बिजली के खंभे की छरकी के संपर्क में आ गए।

करंट की चपेट में आने से मौके पर मौत
बताया गया कि छरकी में करंट प्रवाहित हो रहा था। उसके संपर्क में आते ही साईं बिंद करंट की चपेट में आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। काफी देर बाद उधर से गुजर रहे लोगों ने उन्हें खेत में पड़ा देखा और घटना की जानकारी परिजनों को दी।
पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी लक्ष्मीना सहित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। साईं बिंद खेती-किसानी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनके दो विवाहित पुत्र हैं, जो अलग रहते हैं।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
सूचना पर नंदगंज पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच-पड़ताल की। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।
