गोरखपुर
गोला तहसील में काम ठप, कलेक्ट्रेट कर्मचारी हड़ताल पर
बांसगांव तहसील में राजस्व लिपिक से मारपीट के आरोप का विरोध, दो दिन में कार्रवाई नहीं तो पूर्ण तालाबंदी की चेतावनी
गोरखपुर/गोलाबाजार। बांसगांव तहसील में राजस्व लिपिक के साथ एक अधिवक्ता द्वारा कथित मारपीट के विरोध में मंगलवार को कलेक्ट्रेट कर्मचारी संघ के आह्वान पर गोला तहसील के कर्मचारी कार्य बहिष्कार पर रहे। कर्मचारियों के हड़ताल पर रहने से राजस्व समेत तहसील के कई महत्वपूर्ण कार्य प्रभावित हुए। कार्यालयों में काम कराने पहुंचे लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
राजस्व लिपिक से मारपीट का आरोप
जानकारी के अनुसार बांसगांव तहसील में कार्यरत राजस्व लिपिक शिवनाथ मौर्य के साथ एक अधिवक्ता द्वारा मारपीट किए जाने का आरोप है। घटना के विरोध में कलेक्ट्रेट कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों और कर्मचारियों ने गोला तहसील में कार्य बहिष्कार किया।
सुरक्षा और कार्रवाई की मांग
हड़ताल के दौरान कर्मचारियों ने जिलाधिकारी से तहसील के सभी कार्यालयों में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की। साथ ही आरोपित अधिवक्ता के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी और बार काउंसिल से पत्राचार कर अधिवक्ता का लाइसेंस निरस्त कराने की मांग उठाई।
पहले भी अभद्रता का लगाया आरोप
कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि पूर्व में भी उक्त अधिवक्ता द्वारा नायब तहसीलदार के साथ अभद्रता एवं मारपीट की घटना की जा चुकी है। कर्मचारियों ने कहा कि तहसील परिसर में कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर ठोस व्यवस्था जरूरी है।
दो दिन में कार्रवाई नहीं तो पूर्ण तालाबंदी
कर्मचारी संघ ने चेतावनी दी कि यदि दो दिनों के भीतर उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं की गई तो पूर्ण तालाबंदी की जाएगी। इस स्थिति में तहसील के सभी कार्य पूरी तरह ठप करने की चेतावनी दी गई है।
