Connect with us

मिर्ज़ापुर

ओवरटेक के दौरान ट्रक में घुसी कार, इकलौते बेटे की मौत

Published

on

Loading...
Loading...

हरपुर रिंग रोड पर देर रात हादसा, कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त; बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के हरपुर रिंग रोड पर शुक्रवार देर रात भीषण सड़क हादसे में कार चालक की मौत हो गई। तेज रफ्तार कार ओवरटेक करने के दौरान अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक उसके अंदर फंस गया।

कड़ी मशक्कत के बाद कार से निकाला

जानकारी के अनुसार भदोही जिले के गोपीगंज क्षेत्र के सारीपुर गांव निवासी अभिषेक कौशिक (34) पुत्र संजय सिंह कार से रखौना रिंग रोड होते हुए हरहुआ की ओर जा रहे थे। हरपुर गांव के समीप उन्होंने आगे चल रहे वाहन को ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान कार पर नियंत्रण नहीं रहा और वह ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराई।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों की सूचना पर मिर्जामुराद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद अभिषेक को क्षतिग्रस्त कार से बाहर निकाला और तत्काल बीएचयू ट्रॉमा सेंटर भेजा। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

इकलौते बेटे की मौत से परिवार में कोहराम

हादसे की सूचना मिलते ही अभिषेक के परिवार में मातम छा गया। परिजनों के अनुसार अभिषेक अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे। कुछ वर्ष पहले ही उनका विवाह हुआ था और उनकी दो वर्षीय बेटी भी है। अचानक हुई इस मौत से पत्नी, मां और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page