चन्दौली
नीमा ने किया बृहद चिकित्सा सेमिनार का आयोजन
विशेषज्ञ चिकित्सकों ने न्यूरो, स्पाइन, हेड इंजरी, डेंगू और मानसिक स्वास्थ्य पर साझा की जानकारी
पीडीडीयू नगर। नेशनल इंटीग्रेटेड मेडिकल एसोसिएशन (नीमा) के बैनर तले नगर के एक होटल में वाराणसी के चिकित्सा संस्थान दी न्यूरोसिटी एवं दी हेल्थ सिटी की ओर से बृहद चिकित्सा सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन सांसद डॉ. विनोद बिंद और नगर विधायक रमेश जायसवाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
सेमिनार में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने विभिन्न चिकित्सा विषयों पर महत्वपूर्ण एवं नवीनतम जानकारी साझा की। न्यूरो एवं स्पाइन सर्जन तथा दी न्यूरोसिटी/दी हेल्थ सिटी के चेयरमैन डॉ. राकेश सिंह ने लो बैक पेन पर चर्चा करते हुए एंडोस्कोपिक स्पाइन सर्जरी की नवीनतम उपचार पद्धतियों की जानकारी दी।
न्यूरो एवं स्पाइन सर्जन डॉ. रमन कुमार शंकर ने हेड इंजरी के प्रबंधन और उपचार से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर प्रकाश डाला। वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. मनीष कुमार उपाध्याय ने वायरल फीवर और डेंगू के बारे में जानकारी दी, जबकि मनोचिकित्सक डॉ. गौरव कुमार ने बुजुर्गों में होने वाली मानसिक एवं मनोचिकित्सकीय समस्याओं और उनके व्यावहारिक प्रबंधन पर चर्चा की।
सांसद डॉ. विनोद बिंद ने आधुनिक चिकित्सा तकनीक और आयुर्वेद को संतुलित जीवन का आधार बताया। विधायक रमेश जायसवाल ने चिकित्सकों के सामने आने वाली विभिन्न चुनौतियों का उल्लेख किया।
कार्यक्रम का संचालन नीमा प्रदेश प्रवक्ता डॉ. ओपी सिंह ने किया। इस अवसर पर नीमा के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में चिकित्सक मौजूद रहे।
