गाजीपुर
गाजीपुर के गोआश्रय स्थलों पर धूमधाम से मनी गोवर्धन पूजा, गोवंशों को खिलाए गए गुड़ और फल
दीप जलाकर विधि-विधान से हुआ गोपूजन, जनप्रतिनिधियों और पशुपालन विभाग के अधिकारियों ने लिया हिस्सा
गाजीपुर, 10 नवंबर 2026। जनपद के सभी गोआश्रय स्थलों पर 9 और 10 नवंबर को गोवर्धन पूजा का पर्व धूमधाम और श्रद्धापूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर गोआश्रय स्थलों की साफ-सफाई कराई गई और दीप प्रज्ज्वलित कर विधि-विधान से गोपूजन किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, गोआश्रय स्थल संचालकों, खंड विकास अधिकारियों और पशुपालन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी गाजीपुर ने बताया कि गोवर्धन पूजा के लिए सभी गोआश्रय स्थलों पर पूजा की थाली, रोली, चंदन, पुष्पमाला, गुड़ और फलों की व्यवस्था की गई थी। पंडितों एवं आचार्यों ने विधिवत पूजा-अर्चना कराई। इसके बाद गोवंशों को गुड़ और फल खिलाकर उनका सम्मान किया गया।
कई गोआश्रय स्थलों पर जनप्रतिनिधियों ने किया गोपूजन
इस क्रम में वृहद गोसंरक्षण केंद्र पिपनार, विकासखंड सादात में पूर्व भाजपा सांसद प्रत्याशी पारसनाथ राय एवं संचालक संतोष राय ने गोपूजन किया। अस्थायी गोआश्रय स्थल मंडी समिति जलालाबाद, जखनियां में भाजपा किसान मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष मनोज यादव एवं संचालक रुद्र प्रताप सिंह शामिल हुए।
इसी तरह भलुही मोड़, बद्दूपुर स्थित गोआश्रय स्थल, विकासखंड बिरनो में भाजपा पिछड़ा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष धनंजय प्रजापति एवं संचालक अखिलेश सिंह ने पूजा-अर्चना की। अस्थायी गोआश्रय स्थल बिरनो में ब्लॉक प्रमुख राजन सिंह और पशु चिकित्साधिकारी डॉ. गुरुदेव मौर्य ने गोपूजन किया।
वहीं, अस्थायी गोआश्रय स्थल नौली, विकासखंड रेवतीपुर में भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश महामंत्री विनोद खरवार, मंडल महामंत्री विनोद पाण्डेय एवं संचालक सुनील कुमार पाण्डेय ने विधिवत पूजा की।
सदर और मुहम्मदाबाद में भी आयोजित हुए कार्यक्रम
अस्थायी गोआश्रय स्थल आरटीआई, सदर गाजीपुर में नगर पालिका परिषद गाजीपुर की अध्यक्ष सरिता अग्रवाल एवं मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अरविन्द कुमार शाही ने गोपूजन किया। वहीं, अस्थायी गोआश्रय स्थल पानी की टंकी, मुहम्मदाबाद में नगर पालिका परिषद मुहम्मदाबाद के अध्यक्ष रईस अहमद एवं उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. राकेश कुमार गौतम ने पूजा-अर्चना की।
गोवंश संरक्षण और संवर्धन का दिया संदेश
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने बताया कि गोवर्धन पूजा का मुख्य उद्देश्य गोवंश के प्रति सम्मान, संरक्षण और संवर्धन की भावना को प्रोत्साहित करना है। जनपद के सभी गोआश्रय स्थलों पर आयोजित कार्यक्रमों में उत्साह और भक्तिभाव का माहौल देखने को मिला।
